Panipat News:पेशी से लगातार गैरहाजिर रहे दो नाबालिग आरोपी, जेजेबी ने घोषित किए भगोड़ा – Two Minor Accused, Who Remained Consistently Absent From Hearings, Declared Absconders By The Jjb
प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट पुनीत लिम्बा की अदालत की कार्रवाई, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 26 के तहत आदेश
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) में चल रही अदालती कार्रवाई के दौरान लगातार गैरहाजिर रहना दो नाबालिग आरोपियों को भारी पड़ गया। प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट पुनीत लिम्बा की अदालत ने लंबे समय से पेशी पर नहीं पहुंचने पर दोनों को भगोड़ा घोषित कर दिया।
अदालत ने जुवेनाइल जस्टिस एक्ट-2015 की धारा 26 के तहत यह कार्रवाई की है। वहीं, थाना सेक्टर-13/17 पुलिस ने दोनों के खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-13/17 में दर्ज एक मामले में दोनों बाल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी। इनमें से पहला आरोपी गत 7 जुलाई से लगातार बोर्ड के समक्ष पेश नहीं हो रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी को 24 सितंबर को पेशी से छूट दी गई थी, लेकिन इसके बाद निर्धारित तारीख पर वह भी बोर्ड के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ।
बोर्ड की ओर से बार-बार समन और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद दोनों आरोपी पेश नहीं हुए। उनके जमानतदार और अभिभावक भी बोर्ड के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। इस पर अदालत ने दोनों की लगातार गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए उन्हें भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी कर दिए।
