शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पटियाला

Patiala News:पराली जलाने वालों पर नजर रखेंगी फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें – Flying Squad Teams Will Keep An Eye On Those Burning Stubble

November 6, 2026


पटियाला, नाभा, पातड़ां, समाना, राजपुरा और दूधन साधां में तैनात होंगी टीमें

अमर उजाला ब्यूरो

पटियाला। पराली जलाने की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पटियाला जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। जिले में पराली जलाने से रोकने और खेतों में आग लगने पर तुरंत कार्रवाई के लिए छह फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में सिविल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी शामिल हैं, जो गांवों में रोजाना निगरानी करेंगे।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों के पालन के लिए की गई है। प्रशासन ने नाभा, पटियाला, पातड़ां, समाना, राजपुरा और दूधनसाधां क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। नाभा में अतिरिक्त आबकारी एवं कर आयुक्त ईशा सिंगल और पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक अशोक कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। पटियाला में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों और पुलिस अधीक्षक सिटी मोहित अग्रवाल को नियुक्त किया गया है।

पातड़ां में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मोहिंदरजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक इन्वेस्टिगेशन राजेश छिब्बर को जिम्मेदारी मिली है। समाना में पीडीए के अतिरिक्त मुख्य प्रशासक परमदीप सिंह और पुलिस अधीक्षक इन्वेस्टिगेशन राजेश छिब्बर निगरानी करेंगे। राजपुरा में पीआरटीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नवदीप कुमार और पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम गुरवीर सिंह को तैनात किया गया है। दूधन साधां में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पूनमप्रीत कौर और पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक अशोक कुमार को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें गांवों में रोजाना गश्त करेंगी और क्लस्टर तथा फील्ड नोडल अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखेंगी।

रोजाना जमा करवानी होगी रिपोर्ट :

आदेशों के मुताबिक, किसी भी खेत में पराली जलाने की घटना सामने आने पर संबंधित फ्लाइंग स्क्वॉड को तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझानी होगी। उन्हें आगे की आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित करनी होगी। आग लगने की घटनाओं की तस्वीरों सहित दैनिक रिपोर्ट हर दिन दोपहर तीन बजे तक डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में जमा करवानी होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X