Pauri News:उत्तरकाशी बाजार में इस बार नहीं सजीं पटाखों की दुकानें, रामलीला मैदान में लगीं – This Time, There Were No Firecracker Shops In Uttarkashi Market; Instead, They Were Set Up At Ramlila Maidan
उत्तरकाशी। दीपावली पर इस बार उत्तरकाशी मुख्य बाजार पटाखों की दुकानों से मुक्त नजर आ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आतिशबाजी की बिक्री के लिए बाजार के बजाय रामलीला मैदान को निर्धारित किया गया है। यहां पटाखों की दुकानें सज चुकी हैं और लोग दीपावली के लिए आतिशबाजी की खरीदारी भी कर रहे हैं। रामलीला मैदान में कुल 86 पटाखों की दुकानों को लाइसेंस जारी किए गए हैं।
अग्निशमन विभाग की ओर से मुख्य बाजार में पटाखों की दुकानें लगाने पर रोक लगाई गई है। निर्धारित स्थल के अलावा बाजार या अन्य स्थानों पर पटाखों की दुकान लगाने की अनुमति नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दीपावली पर आगजनी की घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था की गई है। रामलीला मैदान में दुकान लगाने वाले कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकान के लाइसेंस की संस्तुति निरस्त करने के साथ ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इधर, दीपावली के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी रखी हैं। इसी क्रम में फायर स्टेशन पुरोला की टीम ने नगर क्षेत्र में स्थापित अग्निशमन हाइड्रेंट का निरीक्षण किया। टीम को जांच के दौरान सभी हाइड्रेंट चालू हालत में मिले। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी एलएफएम मुन्ना सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर हाइड्रेंट की कार्यशीलता और पानी की उपलब्धता जांची। विभाग की ओर से आगजनी की किसी भी घटना से निपटने के लिए जरूरी संसाधनों को दुरुस्त रखा गया है।
