Pithoragarh News:बेड़ीनाग के लोगों ने बाईपास पर किया चक्का जाम, दो घंटे तक थमी रही रफ्तार – Residents Of Berinag Staged A Road Blockade On The Bypass; Traffic Remained At A Standstill For Two Hours
बेड़ीनाग(पिथौरागढ़)। महाविद्यालय की बदहाल सड़क का सुधारीकरण, सीएचसी का उच्चीकरण और मिनी स्टेडियम की मांग पर व्यापारियों के साथ ही विभिन्न संगठन के लोगों ने बाईपास पर चक्का जाम किया। इस दौरान दो घंटे तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर लोगों को सड़क से उठाया।
तीन सूत्री मांगों पर व्यापारियों के साथ क्षेत्र के लोगों ने महाविद्यालय बाईपास पर चक्काजाम किया। आंदोलनकारियों ने कहा कि पूर्व में भी सीएचसी के उच्चीकरण, महाविद्यालय सड़क के सुधारीकरण और मिनी स्टेडियम बनाने की मांग पर आंदोलन किया गया। तब जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इन सभी समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन देकर आंदोलन खत्म करवाया। तीन महीने बाद भी इन मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया और सिर्फ झूठे आश्वासन मिले हैं। ऐसे में उन्हें फिर से सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
चक्का जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा, नगरपालिका ईओ मिनाक्षी बरदोला मौके पर पहुंचीं। उन्हें भी आंदोलनकारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। सभी ने अधिकारियों और स्थानीय विधायक पर गुमराह करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने आंदोलनकारियों को तीनों मांगों पर सीएम से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर आंदोलनकारी सड़क से उठे और आवाजाही शुरू हो सकी। नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत ने बताया कि महाविद्यालय मोटर मार्ग के सुधारीकरण का प्रस्ताव तीन माह पूर्व शासन को भेजा जा चुका है। वित्तीय स्वीकृति न मिलने से काम शुरू नहीं हुआ है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। यदि जरूरत पड़ी विधानसभा चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेम पंत, छात्रसंघ उप सचिव दिप्ती कार्की, पूर्व सैनिक गणेश सिंह रावत, गंगा सिंह सांमत, दयाल सिंह, पवन डांगी, राहुल डांगी, बीसी उपाध्याय, दीपक धानिक, भूपेश सिंह, हरीश डसीला आदि मौजूद रहे।
कोट-आंदोलनकारियों की सभी मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। महाविद्यालय मार्ग का अस्थायी रूप से सुधारीकरण करने का नगर पालिका और लोनिवि को आदेश जारी किया गया है। दो दिन के भीतर गड्ढे भर दिए जाएंगे। -दयाल चंद्र मिश्रा, तहसीलदार, बेड़ीनाग
