Poonch News:पुंछ में एलओसी पर मिली पुरानी बारूदी सुरंग – Old Landmine Found Along The Loc In Poonch
पुंछ। जिले के उपजिला मेंढर के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास गश्त के दौरान सेना के जवानों ने एक पुरानी बारूदी सुरंग बरामद की है। सेना के बम निरोधक दस्ते ने समय रहते इस सुरंग को सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, वीरवार देर शाम फेंसिंग के आगे पंजनी क्षेत्र में सेना के जवान नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जीरो लाइन के पास एक पुरानी बारूदी सुरंग पर उनकी नजर पड़ी। जवानों ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ते को इसकी सूचना दी। बम निरोधक दस्ते ने शाम करीब 4:45 बजे बारूदी सुरंग को नष्ट कर दिया।
उल्लेखनीय है कि नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षा के लिहाज से बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बारिश, बर्फबारी या भूस्खलन की वजह से कई बार ये सुरंगें अपनी जगह से खिसक कर आगे-पीछे आ जाती हैं। जानकारी न होने के कारण इनकी चपेट में आने से सेना के जवानों, स्थानीय ग्रामीणों या मवेशियों के हताहत होने का खतरा बना रहता है। समय रहते इस बारूदी सुरंग का पता चलने से एक बड़ा हादसा टल गया है।
