Prayagraj News:चार दिन तक चरम पर रहेगा वायु प्रदूषण, 15 के बाद मिलेगी राहत – Air Pollution Will Remain At Its Peak For Four Days Relief Is Expected After The 15th
संगमनगरी में दिवाली के बाद अगले चार दिनों तक वायु प्रदूषण चरम पर रहने के आसार हैं। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, हवा की धीमी रफ्तार और त्योहार के चलते सड़कों से लेकर बाजारों तक बढ़ी भीड़ ने प्रदूषण का खतरा बढ़ा दिया है। आतिशबाजी के साथ वाहनों से निकलने वाला धुआं और सड़कों की धूल हवा को और जहरीला बना सकती है। हालांकि, 15 नवंबर तक हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रविवार शाम पांच बजे सिविल लाइंस क्षेत्र प्रयागराज का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के आसपास पहुंच गया, जो रेड जोन की स्थिति है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के पोर्टल पर बीते 24 घंटे का औसत एक्यूआई भी 350 से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पीएम-10 और पीएम-2.5 जैसे प्रदूषकों का स्तर औसतन 300 के ऊपर बना हुआ है।
सीपीसीबी के अनुसार, दिवाली के दिन रविवार शाम पांच बजे शहर के तीनों प्रदूषण निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब से अत्यधिक खराब श्रेणी में दर्ज की गई। मौसम की स्थिति और हवा की रफ्तार में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। दिवाली के अगले दिन हवा की गति और धीमी पड़ने की आशंका है।
ऐसे में आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं, वाहनों का उत्सर्जन और धूल के कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। इससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है। मौसम में बदलाव और हवा की गति बढ़ने के बाद ही प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
