रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
प्रयागराज

Prayagraj News:नगर निगम कर्मचारियों से मारपीट करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर – An Fir Will Be Registered Against Those Who Assault Municipal Corporation Employees

November 22, 2026


नगर निगम के जोन-पांच और जोन-आठ कार्यालयों में कर्मचारियों के साथ शुक्रवार को हुई मारपीट की घटनाओं को नगर आयुक्त सीलम साई तेजा ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कराने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घटनाओं में लापरवाही बरतने वाले संबंधित जोन के कर्मचारियों पर भी दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा है।

शनिवार को नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन और राजस्व निरीक्षकों ने इस संबंध में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पीड़ित राजस्व निरीक्षक हर्ष वर्धन कुशवाहा और कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष पांडे भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। कर्मचारियों ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की।

नगर आयुक्त ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर कर्मचारियों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों की पहचान कराई जाएगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। मामले से डीसीपी गंगापार और यमुनापार को भी अवगत करा दिया गया है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर बिना अभिलेखों के भविष्य में कर निर्धारण नहीं किया जाएगा। आबादी की भूमि पर पहले हुए कर निर्धारणों की सूची सत्यापन के लिए एसडीएम करछना और नजूल विभाग को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी अनुशासन भंग करने और सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X