रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ग्वालियर:तीन साल की मासूम की मौत के मामले में मैस्कॉट अस्पताल का पंजीयन रद्द होना तय, हाईकोर्ट ने स्टे हटाया – Gwalior: High Court Upholds Cancellation Of Mascot Hospital Registration In 2013 Child Death Case
ग्वालियर

ग्वालियर:तीन साल की मासूम की मौत के मामले में मैस्कॉट अस्पताल का पंजीयन रद्द होना तय, हाईकोर्ट ने स्टे हटाया – Gwalior: High Court Upholds Cancellation Of Mascot Hospital Registration In 2013 Child Death Case

November 29, 2026


Gwalior: High Court Upholds Cancellation of Mascot Hospital Registration in 2013 Child Death Case

मप्र हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ

विस्तार

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर एकल पीठ ने लश्कर क्षेत्र स्थित मैस्कॉट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर प्राइवेट लिमिटेड का पंजीयन निरस्त करने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश को पूर्णतः वैध ठहराया है। न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के की एकल पीठ ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा दायर याचिका को निरस्त करते हुए वर्ष 2015 से चले आ रहे स्थगनादेश को समाप्त कर दिया। अपीलीय प्राधिकारी द्वारा सीएमएचओ के निर्णय को बरकरार रखने के आदेश पर उच्च न्यायालय की मुहर लगते ही अब मैस्कॉट अस्पताल का पंजीकरण लाइसेंस रद्द होना तय हो गया है।

बच्ची की मौत से उजागर हुआ पूरा मामला

यह पूरा प्रकरण वर्ष 2013 में तीन वर्षीय मासूम बच्ची गार्गी उपाध्याय के गलत इलाज और मृत्यु से जुड़ा है। बच्ची के परिजनों ने 25 जनवरी 2013 को गंभीर निमोनिया से पीड़ित होने पर उसे अस्पताल के पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती कराया था। गहन चिकित्सा कक्ष में इलाज के दौरान अगले दिन तड़के 3 बजे बच्ची की मृत्यु हो गई। मृतका के पिता अधिवक्ता मनोज उपाध्याय ने सूचना का अधिकार अधिनियम के जरिये प्रासंगिक दस्तावेज प्राप्त किए और 9 मार्च, 2015 को जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई। जांच प्रक्रिया में यह तथ्य सामने आया कि अस्पताल के आईसीयू में किसी योग्य चिकित्सक के बजाय सर्वथा अयोग्य कर्मचारियों को ड्यूटी डॉक्टर बनाकर तैनात किया गया था।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर: श्योपुर आदिवासी जमीन विवाद में हाईकोर्ट का सवाल- झूठे आंकड़े निकले तो अफसरों पर क्या कार्रवाई होगी?

फर्जी डॉक्टर के भरोसे चल रहा था आईसीयू

अस्पताल के आधिकारिक रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि होम्योपैथी की परीक्षा में लगातार तीन साल से अनुत्तीर्ण हो रहा छात्र शैलेंद्र साहू और नर्सिंग सहायक अवधेश दिवाकर वहां ड्यूटी डॉक्टर के रूप में कार्य कर रहे थे। इन दोनों कर्मचारियों ने ही मासूम बच्ची का परीक्षण किया, डायग्नोसिस लिखा, दवाएं निर्धारित कीं और रक्त चढ़ाने का फैसला लिया। बच्ची की मृत्यु के पश्चात शैलेंद्र साहू ने स्वयं को चिकित्सा अधिकारी बताते हुए मृत्यु प्रमाण पत्र और डिस्चार्ज शीट पर अपने हस्ताक्षर भी किए। मैस्कॉट अस्पताल के संचालक आलोक अग्रवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर सीमा शिवहरे और बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनोज बंसल की देखरेख में यह गंभीर लापरवाही चल रही थी।

शुरुआती इलाज में भी लापरवाही आई सामने

गार्गी को मैस्कॉट अस्पताल भेजने से पहले मेहरा बाल चिकित्सालय में डॉक्टर डीडी शर्मा के संदर्भ पर भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टर अंशुल मेहरा ने स्वयं के पास अमेरिका की स्नातकोत्तर उपाधि होने का दावा करते हुए उपचार आरंभ किया था। निमोनिया से पीड़ित बच्ची को वहां एक घंटे की अवधि में 500 मिलीलीटर सामान्य सलाइन चढ़ा दिया गया। स्वास्थ्य लगातार बिगड़ने पर भी आईवी फ्लूड देना जारी रखा गया और तीन घंटे पश्चात वेंटिलेटर की आवश्यकता बताकर मैस्कॉट अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। दोनों ही चिकित्सालयों की घोर लापरवाही के कारण मासूम बच्ची को अपनी जान गंवानी पड़ी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X