Prayagraj News:मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर दो आरोपियों को जमानत – Two Accused Get Bail As Cause Of Death Is Not Clear
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के आरोप में जेल में बंद दो आरोपियों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया मेडिकल साक्ष्य अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं करते हैं। आरोपियों के खिलाफ अस्पष्ट और सामान्य आरोप लगाए गए हैं।
साथ ही मुकदमे का जल्द निस्तारण होने की भी कोई उम्मीद नहीं है। यह आदेश न्यायमूर्ति विवेक वर्मा ने मुरादाबाद के भगतपुर थाने में दर्ज मुकदमे में मित्रपाल और लकी उर्फ यतेंद्र चौधरी की जमानत अर्जी स्वीकार करते हुए दिया है। मामले में आरोप था कि आरोपियों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर ईंट के टुकड़े और पाइप से शिकायतकर्ता के भाई पर हमला किया था। उसे भोजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में आरोपी ने जमानत के लिए अर्जी दायर की।
आरोपियों के अधिवक्ता ने दलील दी कि उन्हें झूठा फंसाया गया है। मेडिकल साक्ष्य अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं करते। आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं है और वे पांच अक्तूबर 2026 से जेल में बंद हैं। कोर्ट ने कहा कि राज्य की ओर से ऐसी कोई ठोस आशंका नहीं बताई गई कि जमानत मिलने पर आरोपी साक्ष्यों से छेड़छाड़ करेंगे या गवाहों को डराएंगे। इन परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।
