Raebareli News:बेकाबू डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत, एक घायल – Two People Killed, One Injured After Being Hit By An Out-of-control Dumper Truck
लालगंज। ऊंचाहार-कानपुर हाईवे पर बहाई गांव के पास रविवार रात तेज रफ्तार डंपर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
पुलिस के अनुसार, डंपर डलमऊ से लालगंज की ओर जा रहा था। रात करीब आठ बजे बहाई गांव के पास उसने लालगंज से डलमऊ की तरफ जा रही दो बाइकों को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर डंपर समेत फरार हो गया।
हादसे में उन्नाव जिले के बीघापुर क्षेत्र के दुबेपुर हरिदासी खेड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण (50) की मौके पर मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार 49 वर्षीय दूसरे व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। उनकी पहचान नहीं हो सकी है। लक्ष्मीनारायण की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड से हुई। दोनों किसी काम से डलमऊ की तरफ जा रहे थे।
दूसरी बाइक पर सवार लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे पूरन मजरे चांदाटीकर निवासी सुनील कुमार (25) घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लालगंज में भर्ती कराया गया है। सुनील ने बताया कि वह फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं और जिले से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर अचानक सामने आ गया और हादसा हो गया।
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। फरार चालक और डंपर का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे हैं डंपर
लालगंज से ऊंचाहार तक डंपर तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे हैं। इससे न सिर्फ लोग जान गंवा रहे हैं, बल्कि आए दिन मुराईबाग व लालगंज कस्बे में जाम की नौबत भी रहती है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, पुलिस की ढिलाई का नतीजा है कि मनमाने तरीके से ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे हादसे हो रहे हैं। पुलिस की तरफ से चंद वाहनों का चालान कर मामले की इतिश्री कर ली जाती है। इस पर शिकंजा कसना चाहिए।
