Bulandshahar News:राधारानी के जयकारों से गूंजा नगर, प्रभात फेरी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब – The Town Resounded With Chants In Honor Of Radharani, As A Massive Wave Of Devotion Surged During The Morning Procession
जहांगीराबाद। भोर की पहली किरण के साथ रविवार को नगर की गलियां राधारानी के जयकारों और भजनों से गूंज उठीं। राधारमण लाल की चौथी प्रभात फेरी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। श्रद्धालु राधे-राधे का संकीर्तन करते हुए भक्ति में सराबोर नजर आए।
प्रभात फेरी का शुभारंभ बिजलीघर चौराहे स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पं. हरिकिशन शास्त्री ने भाजपा नेता सारांश मिश्रा, दामोदर दास मित्तल और अजय कौशिक से पूजन संपन्न कराया। इसके बाद राधा नाम संकीर्तन के साथ प्रभात फेरी रवाना हुई। रसिक सुमित गोयल, विक्की गोयल, शिवम सोनी और वृंदावन से आए नितिन बिहारी शरण ने मधुर भजनों और संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रभात फेरी सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू होकर कैलाशपुरी, गायत्री नगर और सरदार गंज के विभिन्न मार्गों से होती हुई नन्नागिरी मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आरती उतारकर प्रभात फेरी का स्वागत किया। नन्नागिरी मंदिर में मंगला आरती के साथ आयोजन का समापन हुआ। इसके बाद अजीत वर्मा के आवास पर संकीर्तन और प्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि राधारमण लाल की प्रभात फेरियों की अंतिम कड़ी 23 नवंबर को निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी शाम चार बजे लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू होकर छतरी वाला कुआं स्थित हनुमान मंदिर पर संपन्न होगी। इस दौरान पूनम बंसल, शकुंतला गोयल, रत्ना सोनी, रीना गर्ग, माधुरी वार्ष्णेय, राहुल बंसल, मोनू गर्ग, कृष्णा, पारुल गोयल, पायल गोयल, पूजा वर्मा, नीलम पाटिल, शिवम गुप्ता, दीपांशु गोयल, वंशिका शर्मा, परी गोयल, रितिक चौधरी, चेतन शर्मा, अजीत वर्मा, मोहित वार्ष्णेय, भूमि आदि मौजूद रहीं।
