Raebareli News:175 पटाखा दुकानों के लिए 308 फॉर्म बांटे, लॉटरी आज – 308 Forms Distributed For 175 Firecracker Stalls; Lottery Today
रायबरेली। दिवाली पर तीन दिन के लिए लगने वाली पटाखे की अस्थायी दुकानों के लाइसेंस के लिए मंगलवार को गहमागहमी के बीच कलेक्ट्रेट में फॉर्म बांटे गए। शहर में चार स्थानों पर लगने वाली पटाखे की 175 दुकानों के लिए 308 लोगाें ने आवेदनपत्र लिए। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया। देरशाम तक सभी आवेदनों को जमा कराया गया। बुधवार को जरूरत पड़ने पर लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन होगा।
मंगलवार सुबह से ही फॉर्म लेने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित शस्त्रागार के बाहर आवेदन पत्र लेने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। एक-एक करके शस्त्र लिपिक प्रदीप कुमार सिंह ने 308 लोगों को आवेदनपत्र दिया। फॉर्म लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली। इस बार जीआईसी, आईटीआई और गोराबाजार मैदान में 50-50 पटाखा दुकानें लगेंगी, जबकि मुंशीगंज में 25 दुकानें लगाई जाएंगी। बुधवार को लॉटरी के बाद दुकानदारों का चयन किया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने बताया कि शहर में चार स्थानों पर पटाखे की 175 अस्थायी दुकानें लगेंगी।
