Rajouri News:राजोरी, पुंछ, डोडा ने खो-खो प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई – Rajouri, Poonch, And Doda Have Secured A Spot In The Semi-finals Of The Kho-kho Competition
मिनी स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल और प्रतिस्पर्धी जज्बा
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। इंटर डिस्ट्रिक्ट डिवीजन लेवल अंडर-14 बॉयज खो-खो टूर्नामेंट 2026 के दूसरे दिन मिनी स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजोरी में युवा खिलाड़ियों ने शानदार ऊर्जा, टीमवर्क और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कोर्ट नंबर-1 पर पुंछ ने रामबन को 7 अंकों से हराया, जबकि डोडा ने किश्तवाड़ को 5 अंकों से मात दी। कठुआ ने उधमपुर पर 6 अंकों से जीत दर्ज की। कोर्ट नंबर-2 पर मेजबान जिला राजोरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुंछ को 6 अंकों से हराया। रामबन ने रियासी को 1 अंक से मात दी। इसके बाद राजोरी ने सांबा को एक पारी और 15 अंकों के बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत स्थिति कायम की। जम्मू ने भी किश्तवाड़ को एक पारी और 2 अंकों से पराजित किया।
इन परिणामों के साथ कल होने वाले दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं। पहले सेमीफाइनल में राजोरी का मुकाबला डोडा से, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पुंछ की भिड़ंत जम्मू से होगी।
प्रतियोगिता का आयोजन ज्वाइंट डायरेक्टर जम्मू इंद्रजीत सिंह परिहार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जबकि जिला अधिकारी वली मोहम्मद जिले में प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं और सुचारू संचालन की देखरेख कर रहे हैं। सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए मंच तैयार है और शनिवार को खो-खो खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे।
