रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:कागजों में चमकता विकास, धरातल पर दावे को मुंह चिढ़ा रहे हैं हालात – Development Shines On Paper, But The Reality On The Ground Mocks These Claims

November 15, 2026


मिलक (रामपुर)। नगर पालिका में विकास के दावे कागजों पर तो खूब चमक रहे हैं, लेकिन धरातल पर बुनियादी सुविधाओं की तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है। एक लाख से अधिक की आबादी वाले शहर में आज भी लोग कच्ची सड़क, बदहाल जल निकासी, चोक नालियों और फागिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। कई मोहल्लों में सफाई और जलभराव की समस्या बनी हुई है। विकास कार्यों के दावों और जमीनी हकीकत के बीच इतनी बड़ी खाई है कि आम बाशिंदों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नगर क्षेत्र में 25 वार्ड और 1.10 लाख की आबादी है। इसके लिए नगर पालिका की बोर्ड बैठकों के दौरान करीब चार करोड़ का भारी भरकम बजट पास हुआ, जिसमें जल निकासी, सड़क, पेयजल आपूर्ति समेत अन्य मदों में विकास कार्य कराने थे। पड़ताल में पता चला कि पालिका के दावे महज कागजों तक सीमित रह गए, धरातल पर विकास फेल हो गया। आबादी अभी बुनियादी सुविधाओं का लाभ पाने के लिए सिस्टम के चक्कर लगा रही है और अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।

कच्ची सड़कों में हिचकोले खा रहा विकास

नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं कोसों दूर हैं। क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ, साहूजी नगर, वार्ड नंबर 10 के बशीर नगर समेत कई इलाकों में आज भी पक्की सड़कों को लोग मोहताज हैं। ऐसा नहीं कि टेंडर नहीं हुए या फिर कागजों में काम पूरा नहीं हुआ, बस धरातल पर विकास की धारा नहीं पहुंच सकी। सड़कों पर जब बाशिंदे गुजरते हैं तो विकास के नाम पर गहरे गड्ढे नजर आते हैं जिन पर लोग हिचकोले खा रहे होते हैं। कई बार बाशिंदों ने शिकायतें की और प्रार्थना पत्र भी दिए, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।

जल निकासी : उफनाते नाले और नालियां

नगर क्षेत्र में कहीं भी जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। यही कारण है कि हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब का रूप ले लेतीं हैं और इसके जरिए नालियां और नाले भी उफना जाते हैं। यहां रहने वाले लोगों को बारिश के समय घरों से पानी निकालना पड़ता है। हाल इस कदर खराब है कि नालियों की सिल्ट सड़क पर उतर आती है और यहां आवागमन के साथ दुर्गंध लोगों के लिए मुसीबत बनकर सामने आती है।

फाॅगिंग न होने से रातों की नींद उड़ा रहा मच्छरों का डंक

शहर की एक ज्वलंत और प्रमुख समस्या यह भी है कि यहां पर चोक नालियों की सफाई नहीं हो पाती। लिहाजा, गंदगी से यहां देर शाम सात बजे से ही मच्छर पनपने लगते हैं और फिर रात भर लोगों की नींद उड़ा रहे हैं। एक साल की अगर बात करें तो फाॅगिंग न के बराबर हुई है। ऐसा नहीं कि संसाधन नहीं, लेकिन वार्डों की उपेक्षा के चलते धरातल पर काम नहीं हो सका। आज भी लोग मच्छरों के प्रकोप से जूझ रहे हैं।

न पीने का पानी साफ, स्वच्छता का मिशन भी फेल

नगर पालिका से जो पानी आता है वो इतना काला है कि बाल्टी और गिलास तक में कालिख छन कर आती है। एक सहारा जल जीवन मिशन का था कि उसमें टंकी लगाई जा रही थी और स्वच्छ जल का वादा किया गया था, लेकिन वो भी हवा-हवाई साबित हुआ। न तो टंकी का पता है और न ही जल का। ऐसे में इसका मिशन भी फेल होता नजर आ रहा है। स्नान करने से लेकर पीने के पानी तक लोगों को समझौता करना पड़ रहा है, लेकिन गृह कर और जल कर का बिल पूरा आ रहा है।

लोगों का छलका दर्द-

कच्ची सड़कें बनीं मुसीबत

मोहल्ले की कई सड़कें वर्षों से कच्ची पड़ी हैं। बरसात के दिनों में रास्तों पर कीचड़ और पानी भर जाता है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार रास्ते से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। -लालता प्रसाद

बिना बिजली के पोल के दौड़ रहीं केबल

बशीर नगर मोहल्ले की कई गलियों में आज तक बिजली के पोल नहीं लगाए गए हैं। लोगों को दूर लगे पोल से केबल खींचकर घरों तक बिजली पहुंचानी पड़ती है। इस तरह लटकती केबलों से हर समय हादसे का खतरा बना रहता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। -रूपचंद्र

——–

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोग परेशान

मोहल्ले में जगह-जगह जलभराव होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। फॉगिंग भी कभी-कभार ही कराई जाती है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। पालिका को नियमित रूप से फॉगिंग और सफाई करानी चाहिए। -राजेश मिश्रा

———

बच्चों और महिलाओं का निकलना मुश्किल

कच्चे रास्तों पर पानी और कीचड़ भरा होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी रोजाना इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है। कई बार रास्ते इतने खराब हो जाते हैं कि संभलकर चलना पड़ता है। इसके बावजूद सड़क निर्माण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। -मुकेश पटेल

———

खुले नाले और अंधेरी गलियां बढ़ा रहीं खतरा

मोहल्ले में कई जगह नालों पर स्लैब नहीं डाले गए हैं। वहीं, कुछ गलियों में बिजली के पोल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। रात के अंधेरे में खुले नालों में बच्चों और राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। पालिका को इन समस्याओं का जल्द समाधान कराना चाहिए। -रोहित गंगवार

———————

क्या बोले जिम्मेदार

जल्द शुरू होगा सड़कों का निर्माण, अन्य सुविधाएं भी होंगी बेहतर

नगर के कई मोहल्लों में अभी विकास कार्य कराए जाने बाकी हैं। कई सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर में नई पानी की टंकी बनने से पेयजल व्यवस्था और बेहतर होगी। जहां भी पानी की आपूर्ति में दिक्कत है, उसे दूर कराया जाएगा। इसके साथ ही नालियों के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। -राजेंद्र प्रसाद, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मिलक

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X