Rewari News:एक्यूआई 243 पर पहुंचा, धूल और धुएं से छाया रहा स्मॉग – Aqi Reached 243; Smog, Consisting Of Dust And Smoke, Blanketed The Area
रेवाड़ी। जिले में वीरवार को अधिकतम एक्यूआई 243 दर्ज किया गया है। बुधवार को अधिकतम एक्यूआई 310 दर्ज किया गया था। वायु प्रदूषित होने से स्मॉग छाया रहा। हवा में मौजूद धूल के बारीक कणों के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है। दिन में धूप होने के बाद भी शाम को धुंध नजर आने लगा।
प्रदूषण बढ़ने के साथ ही औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। औद्योगिक इकाइयों की चिमनियों से निकलने वाले धुएं की ऑनलाइन डिवाइस के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके जरिये चिमनियों से निकलने वाले उत्सर्जन की रीडिंग पर नजर रखी जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी इकाई की चिमनी की रीडिंग दर्ज नहीं मिलती है तो संबंधित इकाई के सैंपल लिए जाएंगे।
सैंपल की जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित औद्योगिक इकाई के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिले में पिछले पांच दिनों से मौसम खुश्क बना हुआ है।
सुबह से ही धूप निकलने के कारण दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से हल्की ठंड महसूस की जा रही है। वीरवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 15.4 डिग्री रहा था।
धूल के कण वातावरण में नमी के साथ मिल रहे
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलने और रात का तापमान कम रहने के कारण धुआं व धूल के कण वातावरण में नमी के साथ मिल रहे हैं। इससे कहीं-कहीं स्मॉग की स्थिति बन रही है। 10 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी। रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। अलसुबह कहीं-कहीं हल्की धुंध भी छा सकती है।
प्रदूषण के बीच आंखों और स्वास्थ्य का रखें ध्यान : डॉ. सर्वेश
बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच लोगों को अपनी आंखों और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सर्वेश ने बताया कि फिलहाल प्रदूषण के कारण आंखों में परेशानी से संबंधित मरीज ओपीडी में अभी कम आ रहे हैं। इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि आंखों में जलन, लालिमा या पानी आने जैसी शिकायत हो तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचकर नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करवाएं। आंखों में परेशानी होने पर खुद से दवा डालने से भी बचें। बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच लोगों को अपनी आंखों और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सर्वेश ने बताया कि फिलहाल प्रदूषण के कारण आंखों में परेशानी से संबंधित मरीज ओपीडी में अभी कम आ रहे हैं। इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि आंखों में जलन, लालिमा या पानी आने जैसी शिकायत हो तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचकर नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच करवाएं। आंखों में परेशानी होने पर खुद से दवा डालने से भी बचें।
