शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:दिवाली-छठ पर ट्रेनों में भारी भीड़, कंफर्म टिकट के लिए मारामारी; वेटिंग 100 पार – Heavy Rush On Trains During Diwali And Chhath; Scramble For Confirmed Tickets; Waiting Lists Cross 100
रेवाड़ी

Rewari News:दिवाली-छठ पर ट्रेनों में भारी भीड़, कंफर्म टिकट के लिए मारामारी; वेटिंग 100 पार – Heavy Rush On Trains During Diwali And Chhath; Scramble For Confirmed Tickets; Waiting Lists Cross 100

November 5, 2026


रेवाड़ी। दिवाली और छठ पर्व के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रेलवे स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है। त्योहारों पर घर जाने और लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में सीटों की मारामारी शुरू हो गई है। स्थिति यह है कि ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और वेटिंग सूची 100 के पार पहुंच गई है। जनरल डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है।

यात्री जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में सफर करने को मजबूर हैं। पहले जहां रोजाना 5 से 6 हजार जनरल टिकट काटी जाती थी, अब ये संख्या बढ़कर 9 से 10 हजार तक पहुंच गई है।

त्योहारी सीजन में यूपी, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर और अन्य प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ा हुआ है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन रही है।

जिन यात्रियों को आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहे हैं, वे जनरल टिकट लेकर सफर कर रहे हैं। जनरल डिब्बों में जगह नहीं मिलने के कारण कुछ यात्री स्लीपर कोच में पहुंच रहे हैं। इससे आरक्षित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

कई बार यात्रियों के बीच सीट को लेकर बहस की स्थिति भी बन जाती है। रेलवे के नियमों के अनुसार जनरल टिकट लेकर स्लीपर कोच में यात्रा करना मान्य नहीं है, लेकिन त्योहारी सीजन में जनरल डिब्बों में भारी भीड़ के चलते यात्रियों के सामने मुश्किल स्थिति बनी हुई है। जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं मिलने के कारण कई यात्री मजबूरी में स्लीपर कोच में पहुंच रहे हैं।

यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानियों का सामना

यात्री रोशनलाल ने बताया कि ट्रेनों में भीड़ बढ़ने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनरल डिब्बों में इतनी भीड़ है कि यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही। इससे आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को भी अपनी सीट तक पहुंचने और सामान रखने में दिक्कत हो रही है। यात्री राजू का कहना है कि कई दिन पहले टिकट बुक कराने के बावजूद कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। यात्री विजय ने बताया कि परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी ज्यादा है। प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और जनरल कोच बढ़ाने की मांग की है।

नवंबर में रेवाड़ी से गुजरने वाली ट्रेनों में बढ़ाए कोच

त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नवंबर में कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए हैं। रेवाड़ी से चलने वाली रेवाड़ी-रींगस और रेवाड़ी-फुलेरा ट्रेन में पांच-पांच अतिरिक्त जनरल कोच लगाए गए हैं। इससे दोनों ट्रेनों में कुल 10 अतिरिक्त जनरल कोच उपलब्ध होंगे। यह व्यवस्था एक से 30 नवंबर तक रहेगी। इसके अलावा अजमेर-अमृतसर रूट की दो ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया गया है। बीकानेर-दिल्ली सराय और दिल्ली सराय-जोधपुर रूट की ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के तीन-तीन अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है।

रेवाड़ी स्टेशन पर प्रतिदिन 120 ट्रेनों की होती है आवाजाही

देश के कई प्रमुख शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी है। यहां से दिल्ली, जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, सीकर, फुलेरा, हिसार, भिवानी, रोहतक, चंडीगढ़, अमृतसर, मुंबई, अहमदाबाद, उदयपुर, लखनऊ और कोलकाता सहित कई शहरों के लिए ट्रेनें चलती हैं। स्टेशन पर साप्ताहिक आधार पर करीब 178 ट्रेनों का ठहराव है। इनमें रेवाड़ी से शुरू होने वाली, यहां यात्रा समाप्त करने वाली और गुजरने वाली ट्रेनें शामिल हैं। त्योहारी सीजन में इन सभी रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में भीड़ और टिकटों की वेटिंग बढ़ गई है।

वर्जन :

यात्रियों की सुविधा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। कई ट्रेनों में डिब्बे बढ़ाए गए हैं। साथ ही स्पेशल ट्रेन भी चलाई गई है।-अमित सुदर्शन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे

ट्रेन में चढ़ने के लिए जुटी लोगों की भीड़। सवाद

ट्रेन में चढ़ने के लिए जुटी लोगों की भीड़। सवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X