शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:पत्थर से हमला कर हत्या करने के दोषी को उम्रकैद, जुर्माना भी लगाया – Man Convicted Of Murder By Attacking With A Stone Sentenced To Life Imprisonment; A Fine Was Also Imposed

October 31, 2026


रेवाड़ी। पत्थर से हमला कर बेरली कला निवासी महेश की हत्या करने के मामले में सत्र न्यायालय की न्यायाधीश संगीता राय सचदेव की अदालत ने आरोपी बेरली कलां निवासी सोनू को दोषी करार देते हुए उसे उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 30 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।

गांव बेरली कलां निवासी आरती ने शिकायत में बताया था कि 31 मई 2023 की रात उसका पति महेश और देवर विजय घर के बाहर बैठकर हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान गांव का सोनू शराब के नशे में वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा।

घर जाने के लिए कहा तो वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह हाथ में पत्थर लेकर वापस आया और उनके सिर पर वार कर दिया। मेरी चींख सुनकर महेश बीच-बचाव करने पहुंचे तो सोनू ने उसके सिर पर भी पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान सोनू ने जातिसूचक गालियां देने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

गंभीर रूप से घायल महेश को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अदालत ने अलग-अलग धाराओं में सुनाई ये सजाएं

न्यायाधीश संगीता राय सचदेव ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत उम्रकैद और 10 हजार रुपये जुर्माना, धारा 307 के तहत 10 साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 506 के तहत पांच साल का कठोर कारावास सुनाया। वहीं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत भी उम्रकैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना नहीं भरने पर संबंधित धाराओं के तहत अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X