शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:बावल से निकलकर झाबुआ की बीड़ में पहुंचा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट – Leopard Reaches Beed In Jhabua; Forest Department On Alert
रेवाड़ी

Rewari News:बावल से निकलकर झाबुआ की बीड़ में पहुंचा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट – Leopard Reaches Beed In Jhabua; Forest Department On Alert

November 12, 2026


बावल (रेवाड़ी)। स्थानीय चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय परिसर में नजर आया तेंदुआ अब झाबुआ की बीड़ में पहुंच गया है। पद चिह्नों से इसकी पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। झाबुआ का जंगल राजस्थान के जंगलों से भटककर आने वाले वन्यजीवों के लिए अनुकूल ठिकाना बन गया है। इससे पहले झाबुआ में बाघ भटक कर पहुंचा था जिसे पकड़ा गया था।

बावल स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि महाविद्यालय के परिसर में दिवाली खी शाम 7:15 पर तेंदुआ नजर आया था। सुरक्षा कर्मचारी ने तेंदुए को बेर के बाग से निकलकर फालसा के बाग की तरफ जाते देखा था । सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थेहैं।

कॉलेज परिसर में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई थी। बाग में बनी झुग्गियों को भी खाली करवाया गया था। अब तेंदुआ कृषि फार्म से खेड़ा मुरार, रायपुर और खिजूरी होते हुए झाबुआ की बीड़ में पहुंच गया है। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है।

पहले भी दो बार पहुंच चुका है बाघ : झाबुआ की बीड़ में इससे पहले भी राजस्थान के सरिस्का टाइगर रिजर्व से भटक कर बाघ पहुंच चुका है। वर्ष 2024 में सरिस्का का बाघ एसटी-2303 रेवाड़ी क्षेत्र में आया था। इसी साल जनवरी में भी उसकी रेवाड़ी की ओर आवाजाही सामने आई थी।

अगस्त 2024 में वह दोबारा झाबुआ के जंगलों में पहुंचा और उसकी तस्वीर कैमरा ट्रैप में कैद हुई थी। नवंबर 2024 तक बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई थी। वन विभाग की टीमों ने उसकी निगरानी कर उसे रेस्क्यू किया था।

वन्यजीवों के लिए अनुकूल है बीड़ का वातावरण

झाबुआ की बीड़ में हिरण, चिंकारा, गीदड़ और जंगली सूअर सहित कई प्रकार के वन्यजीव पाए जाते हैं। जंगल में प्राकृतिक भोजन और छिपने के लिए झाड़ियां होने के कारण यह वन्यजीवों के लिए अनुकूल स्थान माना जाता है। पर्याप्त प्राकृतिक भोजन उपलब्ध होने से तेंदुए जैसे शिकारी वन्यजीवों को भी यहां रहने के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिल सकती हैं।

पहले भी कॉलेज परिसरों में दिख चुके हैं वन्यजीव

बावल क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी सामने आती रही है। अक्तूबर 2025 में बावल के राजकीय महाविद्यालय परिसर में भी तेंदुआ दिखाई दिया था। उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। वन विभाग ने कई दिनों तक निगरानी और प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया था।

ग्रामीणों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

झाबुआ की बीड़ में तेंदुए के पहुंचने को लेकर ग्रामीणों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। गांव के सरपंच मीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के किसान आवारा पशुओं से परेशान हैं। तेंदुए की मौजूदगी से आवारा पशुओं की संख्या कम होने पर किसानों को राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि बीड़ की बाउंड्री होनी चाहिए।

———–

वर्जन

बुधवार को तेंदुआ कृषि फार्म से खेड़ा मुरार, रायपुर और खिजूरी होते हुए झाबुआ की बीड़ में पहुंचा है। टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। -प्रेम कुमार, क्षेत्रिय अधिकारी, वन विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X