Roorkee News:त्योहार पर रामनगर में गहराया जल संकट, 10 हजार की आबादी प्यासी – Water Crisis Intensifies In Ramnagar During The Festive Season; A Population Of 10,000 Left Parched
त्योहार के मौके पर रामनगर क्षेत्र में पानी की किल्लत से करीब 10 हजार की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंप नंबर एक और पंप नंबर दो के नहीं चलने के कारण ओवरहेड टैंक में पानी नहीं भर पाया। इसके कारण शुक्रवार रात और शनिवार सुबह क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित रही। पानी नहीं मिलने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हुए और उन्हें दूसरे स्थानों से पानी का इंतजाम करना पड़ा।
पार्षद पंकज सतीजा ने बताया कि रामनगर क्षेत्र के दोनों पंपों के फेज में दिक्कत आने के कारण ओवरहेड टैंक नहीं भर सके। इस वजह से घरों तक पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पाई। उन्होंने कहा कि त्योहार को देखते हुए जल संस्थान को शहरभर में लगे नलकूपों की पहले से जांच करनी चाहिए थी ताकि लोगों को इस तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
विभाग की लापरवाही के कारण हजारों लोगों को जल संकट से जूझना पड़ा। क्षेत्रवासी गिरधारी लाल, बृजेश तनेजा, रवि आनंद, पुष्प दत्त और गोविंद राय ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पानी आया था लेकिन 10 से 15 मिनट बाद ही सप्लाई बंद हो गई। शनिवार सुबह भी पानी नहीं आया। त्योहार के दौरान पानी की अधिक जरूरत थी लेकिन आपूर्ति ठप रहने से नहाने-धोने और अन्य घरेलू कार्यों में दिक्कत हुई। घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियां भी खाली हो गईं। मजबूरी में कई लोगों को सबमर्सिबल का सहारा लेकर काम चलाना पड़ा।
