रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुद्रप्रयाग

Rudraprayag News:देव निशान व पांडवों के गंगा स्नान के साथ पांडव नृत्य शुरू – Pandava Dance Begins With Dev Nishaan And Pandavas Bathing In The Ganga

November 21, 2026


रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत दरमोला के राजस्व ग्राम तरवाड़ी में देव निशानों और पांडवों के गंगा स्नान के साथ 20 दिवसीय पांडव नृत्य का शुभारंभ हो गया। इससे पूर्व बृहस्पतिवार देर शाम दरमोला, तरवाड़ी और स्वीली-सेम गांव के ग्रामीण ढोल-दमाऊं के साथ देव निशानों को स्नान कराने अलकनंदा-मंदाकिनी संगम पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने रात्रिभर जागरण कर चार पहर की पूजा की।

शुक्रवार सुबह पांच बजे भगवान बद्रीविशाल, लक्ष्मीनारायण, शंकरनाथ, तुंगनाथ, नागराजा, चामुंडा देवी, हित, ब्रहमडुंगी और भैरवनाथ के देव निशानों के साथ पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों का स्नान कराया गया। पुजारियों और ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना, हवन और आरती की। इसके बाद देव निशान ढोल-नगाड़ों के साथ अपने गंतव्य को रवाना हुए। पांडव लीला कमेटी के अध्यक्ष करण सिंह रावत ने बताया कि 25 नवंबर को बाणों का कौथिग, नौ दिसंबर को नौगरी का कौथिग, 10 दिसंबर को गैंडा कौथिग और 11 दिसंबर को पांडव नृत्य का समापन होगा। इस अवसर पर बद्रीनाथ पुजारी कीर्तिराम डिमरी, किशन रावत, जसपाल पंवार, वेद प्रकाश डिमरी, गिरीश डिमरी, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी और दिनेश पंवार आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X