Saharanpur News:आतिशबाजी की दुकानों पर धूम्रपान व ज्वलनशील सामग्री पर रोक – Smoking And Flammable Materials Prohibited At Fireworks Shops
सहारनपुर। दिवाली पर अस्थायी आतिशबाजी की दुकानों को लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पटाखों की दुकानों में अग्नि सुरक्षा के सभी इंतजाम करना अनिवार्य होगा। दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखनी होगी, जबकि दुकानें आमने-सामने नहीं लगाई जा सकेंगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि अस्थायी आतिशबाजी की दुकानें खुले स्थान पर टीन शेड में ही बनाई जाएंगी। इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। दुकानें एल शेप में लगानी है। यू शेप या आमने-सामने दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। दुकानों के आसपास किसी संरक्षित स्थल से 50 मीटर से कम दूरी नहीं होनी चाहिए। विभाग ने दुकानों में आग लगने की आशंका को देखते हुए कई गतिविधियों पर रोक लगाई है। आतिशबाजी बिक्री स्थल पर धूपबत्ती, मोमबत्ती, पेट्रोमैक्स, खुली लाइट, बैटरी और इन्वर्टर का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। यहां धूम्रपान भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
