रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:फूलों से महकेंगे पांवधोई नदी और ढमोला नदी के किनारे – The Banks Of The Pavdhoi And Dhamola Rivers Will Be Fragrant With Flowers

November 15, 2026


सहारनपुर। शहर के बीच से बहने वाली पांवधोई नदी और ढमोला नदी के किनारे सीड बॉल के माध्यम से गेंदा और अन्य प्रजातियों के फूलों से महकेंगे। फिलहाल नगर निगम की गोशाला में सीड बॉल तैयार की जा रही हैं।

नगर निगम के गोशाला एवं उद्यान प्रभारी तथा पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि कान्हा गोशाला में फिलहाल गेंदे के बीजों को गाय के गोबर में मिलाकर सीड बॉल्स तैयार की जा रही हैं। अभी तक हजारों बॉल्स बनाई जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि सीड बॉल के जरिये दुर्गम स्थानों खासकर पहाड़ों, बंजर इलाकों और ऐसी जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है, जहां जाना मुश्किल हो। आम तौर पर हरियाली के लिए गड्ढा खोदने और उसमें बीजारोपण कर पानी देने की जरूरत पड़ती है, लेकिन सीड बॉल को ऐसी जगहों पर ऐसे ही डाल दिया जाता है।

गोबर से बनी बॉल में मिले बीज नमी लेकर या बरसात आदि में अंकुरित होकर पौधा बन जाते हैं जो जड़ पकड़कर वृद्धि करते हैं।

इसीलिए योजना बनाई गई है कि सीड बॉल तैयार कर उन्हें शहर के बीच से बह रही ढमोला और पांवधोई नदी के किनारों पर ऐसी जगह डाला जाएगा, जहां वह न केवल हरियाली और फूलों की खुशबू फैलाएं, बल्कि नदी के किनारे की सुंदरता भी बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि जल्द ही दोनों नदियों के किनारों की ऐसी जगहों को चिह्नित किया जाएगा। उसके बाद महापौर और नगर आयुक्त के निर्देशन में सीड बॉल को डालने का काम किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X