Shahjahanpur News:गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बह रहा गंदा पानी, ग्रामीण परेशान – Dirty Water Flowing Onto The Ganga Expressway Service Road; Villagers Troubled
जलालाबाद। गुलड़िया स्थित गंगा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा के पीछे बनी सर्विस रोड के बड़े हिस्से पर गंदा और बदबूदार पानी बहने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा के शौचालय का पानी सर्विस रोड पर पहुंच रहा है। उन्होंने पानी का बहाव रोकने और निकास की उचित व्यवस्था कराने की मांग प्रशासन से की है।
इस सर्विस रोड से नगरिया भूड़, लहरावर, मछरियाई, पलहरई, मिठाह, नगरा, करनापुर और अफतियापुर समेत कई गांवों के लोगों का रोजाना आवागमन होता है। ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी संख्या में बच्चे साइकिल से स्कूल जाते हैं। उन्हें भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
एक स्थान पर काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है। बदबू के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
राजेश, अमित, संजू, शिववीर वर्मा और सर्वेश सिंह आदि ग्रामीणों ने टोल प्लाजा में कार्यरत लोगों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
एसडीएम मधुसूदन गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पानी टोल प्लाजा की रसोई का बताया जा रहा है। प्लाजा के मैनेजर भगत सिंह को पानी के निकास की तत्काल उचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं।
