शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शाहजहांपुर

Shahjahanpur News:नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कारावास – 10-year Imprisonment For Man Convicted Of Raping A Minor

November 7, 2026


शाहजहांपुर। नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पॉक्सो एक्ट की विशेष अदालत ने एक दोषी को 10 साल के कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। वहीं, साक्ष्यों के अभाव में दूसरे आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

मामला थाना खुदागंज क्षेत्र का वर्ष 2020 का है। अभियोजन के अनुसार, 17 जनवरी 2020 को 17 वर्षीय किशोरी घर से स्कूल पढ़ने गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि नीलेश कुमार उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। बाद में किशोरी के पिता ने 18 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना के दौरान नीलेश के साथ धर्मेंद्र कुमार का नाम भी सामने आया। पुलिस ने विवेचना के बाद नीलेश और धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ आरोपपत्र अदालत भेजा।

मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट नुसरत खान की अदालत में हुई। दोनों पक्षों की दलीलें और साक्ष्य सुनने के बाद अदालत ने नीलेश कुमार को पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत 10 साल के कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया।

इसके अलावा धारा 363 में पांच साल का कारावास और सात हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 506(2) में चार साल का कारावास और तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। वहीं, दूसरे आरोपी धर्मेंद्र कुमार को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X