शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शामली

Shamli News:13 साल बाद परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति की जगी उम्मीद, वरिष्ठता सूची होगी जारी – Hopes For Promotion Of Council School Teachers Revived After 13 Years

November 11, 2026


शामली। परिषदीय स्कूलों में करीब 13 साल से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। बेसिक शिक्षा विभाग ने पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठता सूची तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 2028 शिक्षकों की सूची प्राप्त हुई है। विभाग की ओर से अभिलेखों की जांच के बाद वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।

बीएसए संतोष कुमार ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची मांगी गई थी। इसमें प्राथमिक विद्यालयों के 1364 और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 664 शिक्षकों के नाम शामिल हैं। विभाग की ओर से शिक्षकों की नियुक्ति तिथि और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। 12 नवंबर को वरिष्ठता सूची तैयार कर कार्यालय में चस्पा की जाएगी। इसके बाद शिक्षकों को 15 नवंबर तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित समय में प्राप्त आपत्तियों का समिति की ओर से निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद संशोधित डाटा भेजकर अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी। विभाग ने शिक्षकों से सूची में अपना नाम, वरिष्ठता क्रम और अन्य विवरण ध्यानपूर्वक जांचने तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय में आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X