कटरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) इकौना में समग्र शिक्षा योजना के तहत विज्ञान विषय के शिक्षण के लिए प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय सत्र का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इसमें शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान शिक्षण को सरल और प्रभावी बनाने के तरीके बताए जाएंगे।
प्रशिक्षण का शुभारंभ डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह और वरिष्ठ प्रवक्ता रमेश चंद्र मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राचार्य ने कहा कि शिक्षकों को विज्ञान विषय को रटने के बजाय प्रयोग, अवलोकन और गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे कक्षा में बच्चों की सहभागिता बढ़ेगी और वे विषय को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ स्वयं करके सीखने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। प्रशिक्षण की नोडल रेणु यादव ने बताया कि इससे बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशक्ति और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी। इस मौके पर गिरीश प्रसाद मिश्रा, ओमप्रकाश यादव, जितेंद्र कुमार, इकबाल अहमद, अवधेश कुमार वर्मा और प्रभाकर श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।