Shravasti News:रानी कोठारे, सीताद्वार और लखरांव मेले में उमड़ी भीड़ – Large Crowds Gathered At The Rani Kothare, Sitadwar, And Lakhraon Fairs
श्रावस्ती/गिरंट बाजार। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के रानी कोठारे मेले में बुधवार को भारी भीड़ उमड़ी। जिले के अलावा बहराइच, बलरामपुर और गोंडा से भी लोग मेला देखने पहुंचे। लोगों ने चाट-पकौड़ी का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की। मेले में मशहूर सरौता लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा चाकू, बेलन, चलनी, शीशा, सौंदर्य प्रसाधन और सब्जियों की खरीदारी हुई। बच्चों ने खिलौने खरीदे और ट्रेन, मिकी माउस व स्पिन झूलों का आनंद लिया। राज परिवार की ओर से हर साल आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। थाना प्रभारी गौरव सिंह मौजूद रहे। खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया था। उधर, सीताद्वार मेले में भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। लोगों ने घाट पर स्नान कर मंदिर में दर्शन किए। लखरांव मेले में भी दूसरे दिन हजारों लोग पहुंचे।
डीएम-एसपी ने सीताद्वार मेले का लिया जायजा
इकौना के सीताद्वार मंदिर में चल रहे पांच दिवसीय मेले का मंगलवार रात डीएम मनोज कुमार राय और एसपी राहुल भाटी ने निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता से ड्यूटी करने को कहा। इस दौरान एडीएम न्यायिक अशोक कुमार, एसडीएम निशांत उपाध्याय, श्रेया, सीओ भरत पासवान और डीपीआरओ निलेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।
