शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Siddharthnagar News:सिलिंडर की पाइप में रिसाव से लगी आग, गृहस्थी का सामान नष्ट – Siddharthnagar News: Fire Breaks Out Due To A Leak In A Gas Cylinder Pipe; Household Belongings Destroyed
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:सिलिंडर की पाइप में रिसाव से लगी आग, गृहस्थी का सामान नष्ट – Siddharthnagar News: Fire Breaks Out Due To A Leak In A Gas Cylinder Pipe; Household Belongings Destroyed

November 7, 2026


– बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर भी जले, इलाज के मेडिकल कागजात तक नहीं बचे

– तीन क्विंटल गेहूं, नकदी और कपड़ों समेत लाखों की संपत्ति का नुकसान

सकरपार। बांसी कोतवाली क्षेत्र के हसवापार गांव के टोला खड़ियवा में शुक्रवार सुबह गैस सिलिंडर की पाइप में रिसाव से आग लग गई। हादसे में घर में रखा तीन क्विंटल गेहूं, नकदी, कपड़े और बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर जलकर राख हो गए। आग में इलाज से संबंधित मेडिकल कागजात भी नष्ट हो गए, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

टोला खड़ियवा निवासी गीता देवी पत्नी महेंद्र लोधी शुक्रवार सुबह करीब सात बजे कमरे में गैस सिलिंडर पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप में रिसाव होने से अचानक आग लग गई। लपटें सिलिंडर तक पहुंचने लगीं। यह देख गीता देवी किसी तरह कमरे से बाहर निकलीं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक घर में रखा सामान जल चुका था।

गीता देवी के मुताबिक, आग में बर्तन, कपड़े, करीब तीन क्विंटल गेहूं, एक लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवर और 10 हजार रुपये नकद जल गए। घर में रखे जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना की सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षेत्रीय लेखपाल श्रवण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।

इस दौरान ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि भगवान दास लोधी, घनश्याम लोधी, दयाशंकर पांडेय, रामप्रसाद, जगदीश, रामनयन, सुरेश और रमेश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। बांसी कोतवाल महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर डायल 112 की पुलिस गई थी। संबंधित लोगों को भी बुलाया गया है।

गंभीर बीमारियों से जूझ रही गीता, इलाज के कागजात भी जले

गीता देवी पिछले कई वर्षों से गंभीर बीमारियों से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि पथरी के लिए दो बार ऑपरेशन करा चुकी हैं, लेकिन अभी तक पूरी तरह राहत नहीं मिली है। किडनी में भी समस्या है और उनका इलाज गोरखपुर से चल रहा है। आग में इलाज से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट और जरूरी कागजात भी जलकर राख हो गए। ऐसे में अब उन्हें इलाज के दस्तावेज दोबारा जुटाने की चिंता सता रही है।

बेटी की शादी के लिए जोड़ रही थीं जेवर, अरमान भी जले

गीता देवी के परिवार में तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी सीमा (17), बेटा सुभाष (10) और छोटा बेटा राजकुमार (7) है। पति महेंद्र रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि गीता देवी खुद दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी बेटी की शादी के लिए धीरे-धीरे जेवर जुटा रही थीं। वर्षों की मेहनत से इकट्ठा किए गए जेवर भी आग में जल गए। गृहस्थी का सामान नष्ट होने और पहले से बीमारी से जूझने के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बेटी की शादी के लिए संजोए सपने भी इस हादसे में बिखर गए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X