गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:खैरी से गिरिनगर तक सड़क बदहाल, जगह-जगह गड्ढों से वाहन चालक परेशान – Road Condition Not Good In Kheri To Giri

November 19, 2026


-दो साल से अधिक समय से सड़क की मरम्मत न होने का आरोप

– पडदूणी पंचायत के दो हजार परिवारों को झेलनी पड़ रही परेशानी

भजन चौधरी

धौलाकुआं (सिरमौर)। खैरी से गिरिनगर तक सड़क बदहाल, जगह-जगह गड्ढों से वाहन चालक परेशान मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे पड़े हैं और कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। इसके चलते वाहन चालकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

पांवटा साहिब-गिरिनगर मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने दो हिस्सों में बांटा हुआ है। पांवटा साहिब से खैरी तक का हिस्सा पांवटा मंडल के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि खैरी से गिरिनगर तक सड़क नाहन विधानसभा क्षेत्र के धौलाकुआं उपमंडल के अंतर्गत आती है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों की सीमा से आगे खैरी से गिरिनगर तक सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। विशेषकर कोटड़ी ब्यास से गिरिनगर तक कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है और गड्ढों के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है।

इस मार्ग की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा पडदूणी पंचायत के करीब दो हजार परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों के लिए यह मार्ग आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है, लेकिन सड़क की मरम्मत न होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय निवासी देशराज, पूर्व पंचायत प्रधान दाताराम और मुकेश कुमार ने कहा कि सड़क की खस्ताहालत को लेकर अब ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो लोक निर्माण विभाग का घेराव किया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग से मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य करवाने की मांग की है।

पंचायत प्रधान हरिकेश चौधरी ने बताया कि सड़क की हालत सुधारने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद विभाग ने इस मार्ग की सुध नहीं ली है। सड़क की अनदेखी के कारण लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जायजा लेने और जल्द मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे। ————संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X