गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:घर बैठे रोजगार शुरू करने का मौका, महिलाओं को मिलेगा मुफ्त ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण – Uco Rseti Meeting To Women

November 19, 2026


रहने-खाने से लेकर प्रशिक्षण सामग्री तक का सारा खर्च संस्थान उठाएगा

संवाद न्यूज एजेंसी

नाहन (सिरमौर)। अपने हुनर को रोजगार में बदलने की इच्छुक महिलाओं और युवतियों के लिए अच्छी खबर है। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सिरमौर दिसंबर से निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू करने जा रहा है। 35 दिन के इस कोर्स में 18 से 50 वर्ष तक की महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। प्रशिक्षण के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी। संस्थान की ओर से रहने, भोजन और अभ्यास के लिए जरूरी सामग्री भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा व्यावहारिक कौशल देना है, जिससे वे घर से ही ब्यूटी पार्लर का काम शुरू कर सकें और अपनी आमदनी का जरिया बना सकें। कोर्स में फेशियल, त्वचा की देखभाल, मेकअप, हेयर कटिंग, हेयर स्टाइलिंग, हेयर कलरिंग, मेहंदी और नेल आर्ट की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इसके साथ ही ग्राहकों से व्यवहार, सैलून प्रबंधन और अपना व्यवसाय चलाने की जानकारी भी दी जाएगी।

प्रशिक्षण पूरा करने वाली प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह प्रमाणपत्र स्वरोजगार शुरू करने और संबंधित योजनाओं के तहत ऋण लेने में भी सहायक हो सकता है। संकाय सदस्य मनीषा चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण में सीटें सीमित हैं। इच्छुक महिलाएं आधार कार्ड, राशन कार्ड और शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र की छायाप्रति के साथ दो पासपोर्ट आकार के फोटो लेकर आवेदन कर सकती हैं।

इसके लिए यूको आरसेटी सिरमौर, सरकारी आईटीआई के नजदीक, शिमला रोड नाहन में सोमवार से शनिवार सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। यह कोर्स 35 दिन का रहेगा। इसे 18 से 50 वर्ष की आयु तक की महिलाएं कर सकती हैं।—–

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X