आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने खिलाड़ियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी कर दी है। इस बार टीमों ने अपने स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं। किसी ने अपने पुराने खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया, तो किसी ने ट्रेड के जरिए दूसरे फ्रेंचाइजी से खिलाड़ी अपने साथ जोड़े। कुल मिलाकर रिलीज और ट्रेड आउट किए गए खिलाड़ियों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है। इसके बावजूद नीलामी में सभी टीमों के पास मिलाकर सिर्फ 66 स्लॉट ही खाली हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब 104 खिलाड़ियों को बाहर किया गया है, तो नीलामी में सिर्फ 66 खिलाड़ियों के लिए जगह क्यों बची है?
दरअसल, खिलाड़ियों के रिलीज और ट्रेड आउट होने की संख्या का सीधा मतलब यह नहीं है कि उतने ही नए खिलाड़ियों के लिए नीलामी में जगह बन गई है। आईपीएल में एक टीम अपने स्क्वॉड में अधिकतम 25 खिलाड़ी रख सकती है। इसके अलावा ट्रेड और रिप्लेसमेंट के जरिए टीम में आने वाले खिलाड़ी भी खाली जगह भर देते हैं। ऐसे में किसी टीम से खिलाड़ी बाहर जाने और नीलामी के लिए स्लॉट खाली होने के आंकड़े अलग-अलग हो सकते हैं।