शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirmour News:धान खरीद केंद्रों पर मजदूरों की कमी, फसल लेकर घंटों इंतजार कर रहे किसान – Labour Shortage In Dhaan Sale Center
सिरमौर

Sirmour News:धान खरीद केंद्रों पर मजदूरों की कमी, फसल लेकर घंटों इंतजार कर रहे किसान – Labour Shortage In Dhaan Sale Center

November 1, 2026


धौलाकुआं और पांवटा साहिब मंडियों में धीमी पड़ी खरीद, तुलाई और झराई का काम प्रभावित

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने किया निरीक्षण, ठेकेदार को मजदूर बढ़ाने के निर्देश

समस्या दूर नहीं हुई तो ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट : नेगी

संवाद न्यूज एजेंसी

पांवटा साहिब (सिरमौर)। धान की फसल बेचने के लिए सरकारी खरीद केंद्रों पर पहुंच रहे किसानों को मजदूरों की कमी के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। धौलाकुआं और पांवटा साहिब स्थित खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मजदूर न होने से धान की तुलाई और झराई का काम प्रभावित हो रहा है। इससे खरीद की रफ्तार धीमी पड़ गई है और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

खरीद केंद्रों पर धान लेकर पहुंचे किसान रविकांत, जगदीश और राजाराम ने बताया कि मजदूरों की कमी के चलते पर्याप्त संख्या में झरने नहीं चल पा रहे हैं। धान की तुलाई समेत अन्य प्रक्रियाओं में अधिक समय लग रहा है। किसानों को अपनी उपज लेकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से खरीद केंद्रों पर मजदूर बढ़ाने, अधिक झरने चलाने और समय पर धान की खरीद सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

किसानों की शिकायतों के बाद जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शमशेर सिंह नेगी ने दोनों खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित ठेकेदार को मजदूर बढ़ाने और अधिक संख्या में झरने चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीद केंद्रों पर अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

नेगी ने चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार ने किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया और खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मजदूर व झरनों की व्यवस्था नहीं की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।—

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X