शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:रेणुका मेले के प्लॉट आवंटन के पहले दिन 98 प्लॉट बिके – Plots Sale In Renuka Ji

November 12, 2026


20 से 36 हजार रुपये तक रही प्रति प्लॉट की कीमत, पड़ोसी राज्यों से पहुंचे व्यापारियों ने दिखाई दिलचस्पी

संवाद न्यूज एजेंसी

ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के आयोजन को लेकर बुधवार से प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन व्यापारियों में प्लॉट खरीदने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ठेकेदार ने पहले दिन कुल 98 प्लॉट आवंटित किए। इनकी कीमत 20 हजार से लेकर 36 हजार रुपये तक रही। खास बात यह रही कि इस बार मेला मैदान पहली बार ठेके पर दिए जाने के बावजूद व्यापारियों की अच्छी प्रतिक्रिया सामने आई। पहले दिन सभी प्लॉट बिना बोली प्रक्रिया के व्यापारियों की पसंद और मांग के अनुसार आवंटित किए गए।

गौरतलब है कि इस बार मेला मैदान में प्लॉट तैयार करने की व्यवस्था ठेकेदार को सौंपी गई है। ठेकेदार की ओर से मैदान की अग्रिम पंक्ति में करीब 300 प्लॉट तैयार किए गए हैं। वहीं, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार प्लॉटों की संख्या में 46 की कमी आई है। इससे पहले राजस्व विभाग की ओर से मेला मैदान में कुल 346 प्लॉट तैयार किए जाते थे।

दरअसल, उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार रेणुका झील और संबंधित क्षेत्र के 100 मीटर के दायरे में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी के चलते इस बार मेला मैदान में प्लॉटों की संख्या कम रखी गई है। इसके बावजूद पहले दिन हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से पहुंचे व्यापारियों ने प्लॉट खरीदने में रुचि दिखाई।

ठेकेदार महेश कुमार ने बताया कि पहले दिन उम्मीद से अधिक व्यापारियों ने प्लॉट खरीदने को लेकर उत्साह दिखाया। व्यापारियों को उनकी पसंद और इच्छानुसार 20 हजार से 36 हजार रुपये तक की दर से प्लॉट आवंटित किए गए। उन्होंने बताया कि प्लॉट आवंटन की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में व्यापारी प्लॉट लेने के लिए पहुंचेंगे।———

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X