शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:प्रदूषण के स्तर में नहीं आई गिरावट, 398 पहुंचा – Aqi Reached 398
सिरसा

Sirsa News:प्रदूषण के स्तर में नहीं आई गिरावट, 398 पहुंचा – Aqi Reached 398

November 12, 2026


विभिन्न कारणों से बढ़ रहा है प्रदूषण- तीन दिन से चले पटाखों के साथ साथ खेतों से निकले कचरे से बढ़ रहा प्रदूषण

– आंखों में जलन से लेकर धूलकण के कारण संक्रमण का रहता है खतरा

फोटो —

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा । जिले में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग अपने घरों से मास्क लगाकर निकलने के लिए मजबूर हो गए हैं। जिले में बुधवार को प्रदूषण का स्तर सुबह 10 बजे बढ़कर 398 पहुंच गया। शाम चार बजे तक 369 दर्ज किया गया है।

ऐसे में मंगलवार के मुकाबले प्रदूषण के स्तर पर में 76 अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली जो बेहद चिंताजनक है। हवा नहीं चलने और तापमान में सुबह व शाम के समय गिरावट के कारण प्रदूषण का स्तर रात और अलसुबह सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़े बताते हैं कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के मुताबिक यह बहुत खराब श्रेणी में आता है। इस कारण सुबह के समय सैर करना बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों के लिए खतरनाक हो गया है।

हवा में फैले जहरीले प्रदूषक तत्वों के कारण अब आमजन का सांस लेना सीधे तौर पर स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। यही कारण है कि दुपहिया वाहनों पर लोग हेलमेट के साथ निकलने लगे हैं और मुंह पर मास्क लगा रहे हैं ताकि जहरीले प्रदूषक तत्वों से बच सकें।

अस्पताल में बढ़े मरीज, विशेषज्ञ दे रहे सावधानी की सलाह

प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर से खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को आंखों के मरीजों की ओपीडी में सामान्य दिनों के मुकाबले 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिला नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंकर ने बताया कि हवा में मौजूद प्रदूषकों के कारण लोगों को आंखों में जलन और पानी आने की समस्या हो रही है। उन्होंने सलाह दी है कि लोग बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना ही पड़े तो वापस आकर आंखें ठंडे पानी से धोएं और राहत न मिलने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अनिल के अनुसार, हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के रास्ते फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं जिससे खांसी, गला खराब होना और सांस फूलने जैसी दिक्कतें स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर रही हैं।

न्यूनतम तापमान में गिरावट, बना रही धुएं की परत

मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते शाम पांच बजे से लेकर सुबह साढ़े 10 बजे तक प्रदूषण का स्तर ज्यादा रहता है और हवा में धुएं की परत देखने को मिलती है। इस परत में कचरा जलाने के अवशेष, फैक्टरियों से निकलने वाले धुएं के कण, वाहनों के प्रदूषण, सफाई के दौरान मंडियों व सड़कों से उड़ने वाले धूल कण आदि शामिल हैं। ये आंखों और सांस के लिए बेहद खतरनाक हैं। कार्बन व जहरीले तत्वों की मात्रा बढ़ने लोगों को बड़े स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है।

बिना पराली जले हवा होने लगी जहरीली, प्रशासन अलर्ट

हैरानी की बात यह है कि पिछले चार दिनों में जिले में पराली जलाने का एक भी मामला सामने नहीं आया है और न ही यहां कोई खनन गतिविधियां होती हैं। इसके बावजूद प्रदूषण का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। हालांकि, प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं पर सख्त नजर बनाए हुए हैं। जिले में अब तक पराली जलाने के 12 मामले सामने आ चुके हैं और किसानों पर कुल 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और चार किसानों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

इस प्रकार है तीन दिनों का एक्यूआई

7 नवंबर —– 378 8 नवंबर – 383

9 नवंबर- 364 10 नवंबर – 322

11 नवंबर – 398

ये हैं प्रदूषण के मुख्य कारण

कूड़े कचरे में आग लगाना।

खेतों से निकलने वाले कचरे को बाहर निकालकर जलाना।

वाहनों के धुएं के कारण

धूल मिट्टी के कारण

फैक्टरियों का धुआं

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X