शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:मंहगे निजी सेंटरों से मिलेगी राहत, नागरिक अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू – Mri Start In Civil Hospital
सिरसा

Sirsa News:मंहगे निजी सेंटरों से मिलेगी राहत, नागरिक अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू – Mri Start In Civil Hospital

November 11, 2026


– गंभीर मरीजों को अब जिले में ही मिलेगी आधुनिक जांच की सुविधा

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। दिवाली की सरकारी छुट्टियां समाप्त होते ही मंगलवार से जिला नागरिक अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा आरंभ हो गई है। मशीन का अंतिम ट्रायल सफल होने के बाद यह सुविधा मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई है।

इससे अब मरीजों को एमआरआई जांच के लिए महंगे निजी सेंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल में सामान्य मरीजों की जांच निजी सेंटरों के मुकाबले करीब आधे दाम पर होगी। वहीं, निर्धारित श्रेणियों में आने वाले पात्र मरीजों की जांच निशुल्क की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने यह सुविधा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर शुरू की है। इसके लिए जयपुर की वॉस्को हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के साथ अनुबंध किया गया है।

सीएमओ डॉ. पवन और पीएमओ डॉ. आरएस दहिया ने बताया कि आधुनिक जांच सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। समय पर जांच होने से बीमारी की पहचान और उपचार में भी सहायता मिलेगी।

मशीन की विशेषताएं और जांच क्षमता

अस्पताल में स्थापित की गई 1.5 टेस्ला की यह मशीन पूरी तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस है। यूनाइटेड कंपनी बेंगलुरू से आए इंजीनियर वीरेंद्र मिश्रा ने यह जानकारी दी। इस तकनीक के कारण मशीन से मिलने वाली तस्वीरें बेहद स्पष्ट और विस्तृत होती हैं। इनकी गुणवत्ता 3-टेस्ला मशीन के बराबर मानी जाती है। यह मशीन कैंसर, हृदय संबंधी रोग और किडनी में फैट के विश्लेषण में मददगार होगी। एंजियोग्राफी और वेनोग्राफी जैसी गंभीर जांचों में भी यह चिकित्सकों के लिए सहायक साबित होगी।

मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं

पारंपरिक एमआरआई मशीनों में जांच के दौरान अक्सर जेनरेटर जैसा तेज शोर होता है जिससे मरीज घबरा जाते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए इस आधुनिक मशीन में विशेष तौर पर शोर कम करने की तकनीक दी गई है। एमआरआई सेंटर के प्रभारी संदीप बंसल के अनुसार, मरीजों को सहज और तनावमुक्त रखने के लिए मशीन के भीतर पसंदीदा संगीत या भजन सुनाने की सुविधा भी जोड़ी गई है। हालांकि, शोर कम करने की प्रक्रिया के कारण सटीक तस्वीरें लेने में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है। इससे मरीजों को मानसिक रूप से बड़ी राहत मिलेगी।

निशुल्क जांच के पात्र मरीज

सरकार की ओर से निर्धारित नियमों के तहत कुछ श्रेणियों के मरीजों को निशुल्क एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। इनमें आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी, बीपीएल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के मरीज शामिल हैं। एससी-एसटी वर्ग के लोग, सरकारी कर्मचारी और उनके आश्रित भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। 60 फीसदी से अधिक दिव्यांगता वाले मरीजों को भी निशुल्क जांच की सुविधा दी जाएगी। अन्य सामान्य मरीजों को सरकार की ओर से निर्धारित रियायती दरों पर जांच करवाने की सुविधा होगी। इन मरीजों के लिए जांच का खर्च निजी सेंटरों के मुकाबले करीब 50 फीसदी तक कम रहेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X