रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:रेलवे स्टेशन पर 35 आधुनिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी – 35 Cctv Camera Will Establish On Railway Station
सिरसा

Sirsa News:रेलवे स्टेशन पर 35 आधुनिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी – 35 Cctv Camera Will Establish On Railway Station

November 15, 2026


प्लेटफार्म नंबर एक पर लगे 20 कैमरे, अन्य अहम स्थानों पर 15 और लगेंगे

एआई व फेस रिकग्निशन से पकड़े जाएंगे संदिग्ध, आरपीएफ थाने में बनेगा कंट्रोल रूम

ऐलनाबाद, डिंग, कालांवाली, बड़ागुढ़ा व डबवाली स्टेशन पर भी लगेंगे 10-10 कैमरे

सिरसा। सिरसा रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को अब हाईटेक बनाया जा रहा है। रेलवे मंत्रालय स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर आधुनिक तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। स्टेशन पर कुल 35 कैमरे स्थापित किए जाएंगे जिनमें से 20 कैमरे प्लेटफार्म नंबर एक पर लग चुके हैं।

शेष 15 कैमरे स्टेशन के अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। इस पूरी व्यवस्था का कंट्रोल रूम स्टेशन परिसर स्थित रेलवे सुरक्षा बल थाने में बनाया जाएगा। इस माह के अंत तक कैमरे लगाने का काम पूरा होने की उम्मीद है।

ये कैमरे सामान्य नहीं बल्कि हाई विजन तकनीक से लैस हैं। इन्हें डूम, पीटीजेड और बुलेट श्रेणी में स्थापित किया जा रहा है। वेटिंग रूम में भी ऐसा कैमरा लगाया गया है जिससे वहां होने वाली गतिविधियां साफ दिखाई देंगी।

कैमरों की मदद से यात्रियों की आवाजाही से लेकर संदिग्ध गतिविधियों तक पर नजर रखी जा सकेगी। आरपीएफ थाना प्रभारी रोहिताश कांटवा ने बताया कि यह सुरक्षा योजना केवल सिरसा तक सीमित नहीं है।

जिले के अन्य स्टेशनों पर भी निगरानी

जिला के ऐलनाबाद, डिंग, कालांवाली, बड़ागुढ़ा और डबवाली रेलवे स्टेशन पर भी आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन प्रत्येक स्टेशन पर 10-10 कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इससे जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा निगरानी का दायरा बढ़ेगा। आरपीएफ के अनुसार, सभी कैमरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित वीडियो एनालिटिक्स से जोड़ा जाएगा। इन्हें फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर से भी जोड़ा जाएगा। इससे संदिग्ध अथवा वांछित अपराधियों की पहचान होने पर तत्काल अलर्ट मिलने में मदद मिलेगी।

केंद्रीकृत निगरानी और सुरक्षित माहौल

कैमरों की लाइव फीड आरपीएफ थाना स्तर पर मॉनिटर की जाएगी। इसके साथ ही मंडल और जोनल स्तर के केंद्रीकृत कंट्रोल रूम में भी निगरानी होगी। यात्री पुष्पा रानी, गोबिंद और राजबीर सिंह ने बताया कि स्टेशन पर भीड़ के दौरान सामान चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में आधुनिक कैमरों की निगरानी से अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। घटना होने पर आरोपियों की पहचान करना भी आसान होगा।

सुरक्षा व्यवस्था का विस्तार

यात्रियों को इन नई व्यवस्थाओं से पहले से अधिक सुरक्षित माहौल मिल सकेगा। इंस्पेक्टर रोहिताश कांटवा ने बताया कि करीब 35 कैमरे पूरे स्टेशन क्षेत्र में लगाए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी महत्वपूर्ण स्थान सुरक्षा व्यवस्था से बाहर न रहे। आरपीएफ थाने में ही इन कैमरों का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यह कदम रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X