शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:उम्मीदों की लौ से दिवाली रोशन करेंगे बाढ़ पीड़ित – Flood Victims Will Light Up Diwali With The Flame Of Hope

November 10, 2026


रामपुर मथुरा। बाढ़ में घर और खेत गंवा चुके हैं। झोपड़ी में परिवार समेत गुजर बसर करना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिंदगी फिर से संवारने की कोशिश जारी है। दिवाली पर भले ही साज-सामान कम है, लेकिन बाढ़ पीड़ित उम्मीदों की लौ से दिवाली मनाने की तैयारी में हैं। इनका कहना है कि मेहनत मजदूरी से परिवार में खुशहाली लाने का प्रयास करेंगे। हांलाकि, नया आशियाने बनाने के लिए प्रशासन से आवासीय पट्टा मिलने का इन्हें इंतजार हैं।

सरयू नदी में बाढ़ आई तो तटवर्ती कई गांवों में तबाही मचा दी। बेकाबू लहरों की थपेड़ों से आशियाना कटकर नदी में समा गया। कृषि योग्य जमीन भी कटान की भेंट चढ़ गई। करीब 50 परिवार बेघर हो गए। तटबंध पर लगभग 15 परिवार झोपड़ी बनाकर गुजर-बसर कर रहे हैं।

अन्य बेघर परिवार गांव के आसपास झोपड़ी बनाए हुए हैं। यह रोजी रोटी के संकट से भी जूझ रहे हैं। इसके बाद भी बाढ़ से बेघर यह परिवार फिर से अपनी तहस नहस जिंदगी को संवारने की कोशिश में जुटे हैं। इस दिवाली पर भले ही इनके पास साज-सामान कम है, लेकिन यह लोग उम्मीदों की लौ से दीये रोशन कर दिवाली मनाने की तैयारी कर रहे हैं।

तटबंध पर शरण लिए बाढ़ पीड़ित बल्ला ने बताया कि जमीन व घर दोनों सरयू की कटान में बह गए हैं। हमारे पास घर व जमीन थी तब दीपावली में खूब जश्न होता था। आज हमारे पास कुछ भी नहीं है। इसके बाद भी बच्चों की अभिलाषा के कारण पर्व की औपचारिकता पूरी करेंगे। जिंदगी फिर खुशहाल होगी इस उम्मीद से गणेश-लक्ष्मी का पूजन करेंगे। संतोषी ने बताया कि चार माह पूर्व तक अपने पक्के घर में सुखपूर्वक जीवनयापन कर रहे थे। सरयू की लहर ने बेघर कर दिया। करीब 20 बीघा जमीन भी नदी में समा गई। यह सभी उम्मीदों की लौ से दिवाली रोशन करने की तैयारी में हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X