शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:गोबर के उत्पाद ने बदली जिंदगी की तस्वीर – Cow-dung Products Have Transformed Lives

November 6, 2026


सीतापुर। कभी परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए खेती पर निर्भर रहने वाली सुनीता वर्मा ने अपनी मेहनत और हुनर से अलग पहचान कायम की है। ड्रोन उड़ाकर खेतों में दवाओं का छिड़काव करने वाली सुनीता अब गाय के गोबर से दीये, धूपबत्ती, गमले और दूसरे उपयोगी उत्पाद तैयार कर खुद के साथ ही दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बना रही है। इन उत्पादों की बिक्री से वह परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी सफल हुई है।

मछरेहटा ब्लॉक के गोंडा गांव की मूल निवासी सुनीता वर्मा वर्तमान में बिसवां में रह रही हैं। उन्हें देशभर में पहचान तब मिली, जब 25 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के 110वें संस्करण में उनसे बातचीत की थी। प्रधानमंत्री ने उनके ड्रोन चलाने के अनुभव और खेती में इसके उपयोग के बारे में जानकारी ली थी। सुनीता ने बताया था कि उन्होंने फूलपुर स्थित इफको से ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण लिया और कृषि विज्ञान केंद्र में पहली बार ड्रोन देखा था। इसके बाद उन्होंने किसानों के खेतों में ड्रोन से छिड़काव शुरू किया।

प्रतिमाह 15 हजार रुपये की आमदनी

सुनीता की पहचान अब सिर्फ ड्रोन दीदी तक सीमित नहीं है। कृषि विज्ञान केंद्र कटिया में ग्रामीण महिला तकनीकी पार्क के तहत प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। ज्योति महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने हर्बल गुलाल और गोबर से विभिन्न उत्पाद बनाने का काम शुरू किया। देसी गाय के गोबर से तैयार दीये, धूपबत्ती और गमले जैसे उत्पादों की बिक्री कर वह आय अर्जित कर रही हैं।

सुनीता ने बताया कि केवीके कटिया से सर्वाधिक सहयोग मिलता। केंद्र के अध्यक्ष डॉ. दया एस. श्रीवास्तव की ओर से गोबर के उत्पाद बिकवाने और उनकी ब्रॉडिंग करने में सहायता की जा रही है। इससे उन्हे 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह आमदनी हो जाती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X