शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सीतापुर

Sitapur News:दो हजार के बिल को बना दिया 1.44 लाख – Turned A 2,000 Bill Into 1.44 Lakh

October 30, 2026


सीतापुर। मैम, जुलाई में मेरा बिजली का बिल 2,348 रुपये आया था, लेकिन दो किलोवाट के कनेक्शन पर अक्तूबर तक 1,44,662 रुपये का बिल बना दिया गया। इससे मानसिक उत्पीड़न हो रहा है… कृपया मेरी मदद कीजिए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन से जुड़ी महिला उपभोक्ता अंजना वर्मा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी के सामने यह समस्या रखी।

बैठक की अध्यक्षता कर रहीं सीडीओ ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान अन्य व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं उठाकर उनके निस्तारण की मांग की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने लखीमपुर ओवरब्रिज से सीतापुर आने वाले वाहनों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने कट से हादसों की आशंका जताई। उन्होंने इस कट को नोएडा की तर्ज पर यू-शेप में विकसित कराने का अनुरोध किया।

उन्होंने भारत पेट्रोलियम की पीएनजी गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्या भी उठाई। बताया कि बिना पूर्व सूचना के गैस आपूर्ति संबंधी नोटिस भेजे जा रहे हैं, जबकि संबंधित स्थान पर अभी पाइपलाइन भी नहीं बिछाई गई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। शुभ लगन शोरूम के पास बड़े डाकघर में विद्युत कनेक्शन के लिए आई सीटी-पीटी मशीन तीन महीने से रखे होने का मामला भी उठाया गया। सीडीओ ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में व्यापारी गोपाल दारुका, अरविंद चौरसिया, मनीष मिश्रा, रिंकू, रामगुलाम, राजू, शमी अख्तर सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X