Sonebhadra News:स्कूलों का डाटा अपडेट करने में पिछड़ रहा सोनभद्र, अपार आईडी का एक तिहाई काम अधूरा – Sonbhadra Lagging In Updating School Data One-third Of The Work On ‘apaar’ Ids Remains Incomplete
सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। 12 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 36.93 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का काम अधूरा है। वहीं, विद्यार्थी एंट्री सहित अन्य शैक्षणिक डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया भी सुस्त है। जिले के 10 ब्लॉकों में घोरावल की स्थिति सबसे खराब है, जबकि चोपन की स्थिति सबसे बेहतर है। हालांकि, यहां भी 32.99 प्रतिशत अपार आईडी बनाने का काम लंबित है। स्थिति को देखते हुए बीएसए मुकुल आनंद पांडेय ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपार आईडी सहित अन्य शैक्षणिक डाटा अपडेट करने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक जिले के 2879 स्कूलों में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का काम अभी भी करीब 37 प्रतिशत अधूरा है। ब्लॉकवार स्थिति देखें तो घोरावल में 42.75 प्रतिशत, चतरा में 41.30 प्रतिशत, म्योरपुर में 38.69 प्रतिशत, नगवां में 38.02 प्रतिशत, बभनी में 37.92 प्रतिशत, करमा में 36.34 प्रतिशत, रॉबर्ट्सगंज में 36.29 प्रतिशत, कोन में 34.92 प्रतिशत, दुद्धी में 33.18 प्रतिशत और चोपन में 32.99 प्रतिशत काम लंबित है। जिले का औसत 36.93 प्रतिशत है। इसके अलावा 27.68 प्रतिशत विद्यार्थियों की एंट्री भी अधूरी है। गौरतलब है कि चतरा को आकांक्षी ब्लॉक का दर्जा भी हासिल है। इसके बावजूद शैक्षणिक डाटा अपडेट करने में सुस्ती सामने आई है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने लापरवाही बरतने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी है। बीएसए मुकुल आनंद पांडेय ने बताया कि अपार आईडी बनवाना ऐच्छिक है। शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। संबंधितों को अपार आईडी सहित सभी तरह के शैक्षणिक डाटा अपडेट करने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शत-प्रतिशत डाटा अपलोड किया जा सके। अपार आईडी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को कई सुविधाएं मिलती हैं। डिजिलॉकर से जुड़ी होने के कारण विद्यार्थियों को कागजी दस्तावेज साथ रखने या बार-बार दिखाने की जरूरत नहीं पड़ती। एक स्कूल या विश्वविद्यालय से दूसरे संस्थान में प्रवेश लेने पर इस आईडी के माध्यम से पुराना शैक्षणिक डाटा और रिकॉर्ड आसानी से स्थानांतरित किया जा सकता है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी यह उपयोगी है।
