Sonipat News:गन्नौर शहर के बाहर बनेगा सवा 5 किमी लंबा फोरलेन बाईपास जीटी रोड से गुमड़ तक 57 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण – A 5.25 Km-long Four-lane Bypass Will Be Constructed Outside Gannaur City
– सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण ने 77.45 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेजा
– बाईपास बनने से शहर के अंदर वाहनों का दबाव होगा कम, जाम की समस्या से मिलेगी राहत
– भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी
– मास्टर प्लान-2031 में पहले से शामिल है 45 मीटर चौड़ा रोड अलाइनमेंट
प्रदीप कौशिक
सोनीपत। गन्नौर शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए अलाइनमेंट गन्नौर के मास्टर प्लान-2031 में शामिल सवा 5 किमी लंबा फोरलेन बाइपास का निर्माण होगा। यह बाइपास शहर के बाहर जीटी रोड से गांव गुमड़ तक बनेगा। 45 मीटर चौड़े फोरलेन बाइपास निर्माण के लिए करीब 57 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने सरकार को पत्र लिखा है।
सवा 5 किमी लंबा फोरलेन बाइपास के बनने से शहर के मुख्य बाजार और व्यस्त सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। क्योंकि इसके बनने से शहर की ओर आने-जाने वाले वाहनों को गन्नौर के अंदरूनी मार्गों पर आने की आवश्यकता नहीं होगी। एसएमडीए ने परियोजना के लिए 77.45 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद फोरलेन बाइपास निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
एक दशक से उठ रही बाईपास की मांग
गन्नौर में बाईपास निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है। वर्ष 2014 में तत्कालीन विधायक कुलदीप शर्मा ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। इसके बाद वर्ष 2020 में तत्कालीन विधायक निर्मल चौधरी ने भी बाईपास निर्माण की मांग की। जनवरी 2021 में लोक निर्माण विभाग ने करीब 17 किलोमीटर लंबे बाईपास की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की थी। उस समय लड़सौली से बांय तक बाईपास बनाने का प्रस्ताव था, जिसके लिए करीब 131 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की योजना बनी थी।
विधायक ने राजपुरा माइनर के साथ बनाने का दिया था सुझाव
दिसंबर 2025 में विधायक देवेंद्र कादियान ने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए राजपुरा माइनर के साथ नहरी मार्ग पर सड़क बनाने का विकल्प भी सुझाया था। इसके बाद एसएमडीए की बैठक में गन्नौर के फोरलेन बाईपास का प्रस्ताव रखा गया था। जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 मई को हुई बैठक केे दौरान अपनी मंजूरी दी थी।
शहर में जाम की समस्या से मिलेगी राहत
गन्नौर शहर के गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले हल्के व अन्य भारी वाहनों को शहर के बीच से गुजरना पड़ता है। बाईपास बनने के बाद बाहरी और लंबी दूरी के वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश करने की जरूरत नहीं होगी। इससे मुख्य मार्गों पर जाम कम होने के साथ स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी है।
वर्जन
गन्नौर के मास्टर प्लान-2031 में जीटी रोड से गांव गुमड़ तक फोरलेने बनाने की तैयारी है। फोरलेन के लिए 57 एकड़ जमीन अधिग्रहण किया जाना है, इसके लिए सरकार को पत्र लिखने के साथ एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेज दिया गया है।
ए. मोना श्रीनिवास, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसएमडीए।
वर्जन
प्रस्तावित फोरलेन बाईपास बनने से स्थानीय लोग, व्यापारियों और दुकानदारों को राहत मिलेगी। खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा होगी। भूमि अधिग्रहण और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा।
देवेंद्र कादियान, विधायक गन्नौर
