Srinagar News:स्टाइपेंड संशोधन पर लामबंद हुए जूनियर व डीएनबी डॉक्टर, 23 से राज्यव्यापी हड़ताल की चेतावनी – Srinagar, Dnb Postgraduate Resident Doctors, Jawaharlal Nehru Memorial Hospital In Rainawari, Srinagar, Armbands As A Form Of Protest
– अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी बहाल, ओपीडी व वार्ड रहेंगे बंद
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। स्नातकोत्तर, सीनियर रेजिडेंट और डीएनबी डॉक्टरों के वजीफे में संशोधन की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर जम्मू-कश्मीर के चिकित्सा संस्थानों में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। वीरवार को श्रीनगर के रैनावाड़ी स्थित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल के डीएनबी पोस्टग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टरों ने विरोध स्वरूप बांह पर काली पट्टी बांधकर काम किया और 23 नवंबर से राज्यव्यापी शांतिपूर्ण हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
ड्यूटी पूरी करने के बाद जेएलएनएम अस्पताल परिसर में एकत्रित हुए रेजिडेंट डॉक्टरों ने वेतनमान में भारी असमानता को उजागर करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने कहा कि जिला अस्पतालों में कार्यरत डीएनबी रेजिडेंट्स को वर्तमान में केवल 48,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जा रहा है जो स्किम्स सौरा के मुकाबले लगभग आधा है। एक रेजिडेंट डॉक्टर ने बताया कि स्किम्स में प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर को लगभग 85 से 90 हजार रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलता है। डॉक्टरों ने सवाल उठाया कि जब वे भी अन्य प्रमुख संस्थानों के डॉक्टरों के समान ही पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और बराबर ड्यूटी कर रहे हैं, तो उनके साथ यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से स्टाइपेंड में तत्काल संशोधन कर समानता (फेयर पैरिटी) सुनिश्चित करने की गुहार लगाई। रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि हम भी जम्मू-कश्मीर के किसी भी अन्य रेजिडेंट डॉक्टर की तरह मरीजों का इलाज कर रहे हैं, लेकिन हमारा कम स्टाइपेंड इस बात की गवाही नहीं देता। हमारी सेवाओं को भी वैसा ही सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि उच्च अधिकारी उनकी इस जायज मांग पर गंभीरता से विचार करेंगे और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएंगे।
रूपरेखा की स्पष्ट, इमरजेंसी पर असर नहीं
जेएलएनएम अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में डीएनबी पोस्टग्रेजुएट रेजिडेंट्स ने जिला अस्पतालों के डॉक्टरों को भी संशोधित स्टाइपेंड संरचना में शामिल करने और स्किम्स के बराबर वेतन देने की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार 19 से 22 नवंबर तक डॉक्टर अपनी नियमित ड्यूटी जारी रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। यदि इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रदेश भर के आरडीए के समर्थन में 23 नवंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होने वाली राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल हो जाएंगे। हालांकि, डॉक्टरों ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट किया है कि हड़ताल के दौरान इमरजेंसी और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी, जबकि नियमित ओपीडी, वार्ड और वैकल्पिक सेवाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी।
आरडीए और आईएमए भी आर-पार के मूड में
दूसरी ओर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क, जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर अपनी एकजुटता दोहराई है। विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों के नौ आरडीए अध्यक्षों व प्रतिनिधियों ने 18 नवंबर को बैठक कर कहा कि स्टाइपेंड संशोधन का यह मुद्दा पिछले लगभग तीन वर्षों से लंबित पड़ा है। बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने सरकार से इस मामले पर तत्काल निर्णय लेने, समयबद्ध तरीके से लिखित प्रतिबद्धता जारी करने और इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की मांग की है। साथ ही डॉक्टरों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अपनी जायज मांगों को लेकर किसी भी तरह के दबाव, धमकी या उत्पीड़न से उन्हें सुरक्षा मिलनी चाहिए और वे इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे।
