शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:बस की टक्कर से पीईटी देने जा रहे लिपिक की मौत – Clerk Heading To Take Pet Exam Dies After Being Hit By A Bus

November 2, 2026


सेमरीबाजार। जयसिंहपुर के टांडा-बांदा हाईवे पर नगईपुर के सेमरी बाईपास के पास रविवार सुबह टूरिस्ट बस और बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार अंबेडकरनगर के इब्राहिमपुर के बहादुरपुर निवासी लिपिक प्रत्यूष वर्मा (30) की मौत हो गई। वह बाइक से पीईटी की परीक्षा देने के लिए रायबरेली जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नगईपुर के सेमरी बाईपास के पास रविवार सुबह 06:00 बजे हुई दुर्घटना में बाइक सवार अंबेडकर नगर बीएसए ऑफिस के लिपिक प्रत्यूष वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने हेलमेट पहना था। ग्रामीणों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। वहां उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस लेकर चालक घटनास्थल से भाग निकला। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विवेक राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

बीएसए ऑफिस में थे लिपिक

प्रत्यूष वर्मा अकबरपुर स्थित बीएसए ऑफिस में लिपिक के पद पर काम करते थे। उनके पिता दिलीप वर्मा शिक्षा विभाग में थे। करीब तीन साल पहले पिता की मौत के बाद प्रत्यूष को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। परिवार में प्रत्यूष का एक भाई और एक बहन हैं। मौत का पता चलने के बाद बहन सुरभि पटेल और मां रंजना वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X