शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:27वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम – 27th Provincial Sports Competition Begins; Athletes Showcase Their Prowess

November 1, 2026


सुल्तानपुर। केएनआईएमटी फरीदीपुर परिसर में शनिवार को अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की 27वीं प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन 400 मीटर दौड़ और गोला फेंक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

सेवा समर्पण संस्थान से संबद्ध प्रतियोगिता में चुनार, सोनभद्र, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज सहित कई जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। सब जूनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में पूनम प्रथम, राजकुमारी द्वितीय और शबनम तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में हीरामनी ने पहला, पूनम ने दूसरा और प्रियंका ने तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक के जूनियर बालिका वर्ग में प्रियंका प्रथम, किरण द्वितीय और राजकुमारी तृतीय रहीं। सब जूनियर वर्ग में दीक्षा पहले और गीता दूसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में विनय प्रथम, रोशन द्वितीय और रोहित तृतीय रहे। गोला फेंक में सागर ने पहला, रोहित ने दूसरा और कृष्ण कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अयोध्या से आए मुख्य अतिथि कमल नयन दास महाराज ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एसपी सिंह ने की। संचालन शिवकुमार तिवारी ने किया। इस दौरान सुमन सिंह, मनीराम पाल, सूर्यदेव और रामलखन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X