शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊधम सिंह नगर

Udham Singh Nagar News:खाद न मिलने पर किसानों ने सहकारी समिति में किया हंगामा – Farmers Created A Commotion At The Cooperative Society After Failing To Get Fertilizer

November 20, 2026


गदरपुर। महतोष स्थित औद्योगिक उत्पादक सहकारी समिति में खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा किया। किसानों ने समिति संचालक पर स्टॉक होने के बावजूद खाद नहीं देने और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए विभागीय अधिकारियों से शिकायत की है। साथ ही सीएम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।

ग्राम मुकंदपुर निवासी भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रदेश सचिव अमन बाठला ने समिति में किसान आईडी के माध्यम से खाद बुक कराई थी। बृहस्पतिवार को वह खाद लेने पहुंचे तो समिति संचालक ने मशीन खराब होने की बात कहकर खाद देने से इनकार कर दिया। काफी अनुरोध के बाद भी खाद नहीं मिलने पर उन्होंने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी को इसकी सूचना दी।

सूचना पर सलविंदर सिंह कलसी अन्य किसानों के साथ समिति पहुंच गए। उन्होंने स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद खाद नहीं देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि किसान आईडी के माध्यम से नियमानुसार स्टॉक की जांच कराने पर औद्योगिक उत्पादक सहकारी समिति में सबसे अधिक खाद उपलब्ध होने की जानकारी मिली थी।

किसानों ने समिति की मशीन की जांच कराई तो उसमें नेटवर्क नहीं चल रहा था। इसके बाद पास की एक अन्य दुकान पर मशीन की जांच की गई, जो सही काम करती मिली। इस पर किसानों ने समिति संचालक पर खाद वितरण में आनाकानी करने और कालाबाजारी का आरोप लगाया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को मामले की सूचना देकर जांच और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खा, परविंदर बाजवा, सुरजीत सिंह, सुक्खा पोपली आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X