सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Udhampur News:उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे – Jammu Kashmir News
उधमपुर

Udhampur News:उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर गूंजे छठी मैया के जयकारे – Jammu Kashmir News

November 16, 2026


jammu kashmir news

 छठ पर्व को लेकर पानी में उतरकर पूजा करती महिलाएं। 
– फोटो : udhampur news

उधमपुर। चार दिनों तक आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा छठ महापर्व सोमवार को शहर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो गया। सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर के विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही व्रती महिलाओं और उनके परिवारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो सुबह करीब साढ़े सात बजे तक जारी रहा। इस दौरान जलाशयों पर छठी मैया के जयकारे और पारंपरिक लोकगीत गूंजते रहे।

व्रती महिलाएं अपने पूरे पारंपरिक साज-शृंगार से सजी-धजी, सूर्य की प्रतीक्षा करने के लिए जलाशयों के किनारे सुबह 4 बजे से पहुंचना शुरू हो गई थीं। सूर्य की पहली किरण के साथ दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। पूजा के लिए सूप में फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए गए थे। पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न करवाने के लिए जलाशयों पर पंडितों को भी बुलाया गया था। उन्होंने मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधियों के साथ पूजा करवाई। सूर्य देव को अर्घ्य देने और छठी मैया की आराधना के बाद महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलकर पारण किया। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में सुबह से ही खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। खासकर बिहार और झारखंड से आकर उधमपुर में बसे परिवारों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों के अनुसार पर्व मनाया। रविवार शाम को व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व की सभी धार्मिक रस्में पूरी हुईं और व्रत का समापन हुआ।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X