रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Udhampur News:एक दिन में 100 वाहनों के चालान, 10 गाड़ियां सीज – Jammu Kashmir News
उधमपुर

Udhampur News:एक दिन में 100 वाहनों के चालान, 10 गाड़ियां सीज – Jammu Kashmir News

November 15, 2026


jammu kashmir news

अवैध पार्किंग खडे वाहनों को ले जाते ट्रैफिक पुलिस।
– फोटो : udhampur news

उधमपुर। शहर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और अवैध पार्किंग की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को भी सलाथिया चौक समेत पूरे शहर में करीब 100 वाहनों के चालान किए गए जबकि लगभग 10 वाहनों को अवैध पार्किंग से हटाकर सीज किया गया।

लोगों को बार-बार चेतावनी देने और जागरूक करने के बावजूद सड़कों व चौक-चौराहों पर अवैध तरीके से वाहन खड़े करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने सलाथिया चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। सलाथिया चौक पर अक्सर अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को हटाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए।

ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी पंकज सूदन ने बताया कि विभाग की ओर से लोगों को कई बार समझाया जा चुका है और अवैध पार्किंग न करने की अपील भी की गई है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से शहर में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत रोजाना अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रविवार को भी सलाथिया चौक समेत पूरे शहर में करीब 100 वाहनों के चालान किए गए जबकि लगभग 10 वाहनों को अवैध पार्किंग से हटाकर सीज किया गया। डीएसपी ने शहरवासियों से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनकी गाड़ी की वजह से किसी अन्य व्यक्ति को परेशानी न हो। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। ऐसे में सभी नागरिकों को विभाग के साथ सहयोग करना चाहिए, ताकि शहर की सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X