शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:गुतासा में भूमि विवाद सुलझा, स्वास्थ्य ढांचे के लंबित विकास कार्य का रास्ता साफ – Jammu Kashmir News

November 6, 2026


भद्रवाह। जिला डोडा के मेडिकल ब्लॉक भद्रवाह के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएएम) सब सेंटर गुतासा में लंबे समय से लंबित भूमि संबंधी विवाद को संयुक्त टीम ने सुलझा लिया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत कैपेक्स कार्यों के निष्पादन का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डोडा डॉ. विनोद शर्मा के निर्देश पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर भद्रवाह डॉ. वर्षा शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने एएएम सब सेंटर गुतासा का दौरा किया। टीम में सहायक निदेशक योजना (स्वास्थ्य) तनवीर अहमद, जूनियर इंजीनियर पीडब्ल्यूडी (आरएंडबी), गिरदावर तथा पटवारी भी शामिल रहे।

दौरे के दौरान टीम ने संबंधित भूमि विवाद को सुलझाने के लिए मौके पर आवश्यक चर्चा की और संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित किया। संयुक्त प्रयासों और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भूमि संबंधी विवाद का सफलतापूर्वक समाधान कर लिया गया। विवाद सुलझने के बाद अब स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत लंबित कैपेक्स कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। संबंधित विभाग द्वारा जल्द ही निर्माण एवं विकास कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से गुतासा और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग डोडा की इस पहल को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि बुनियादी ढांचे से जुड़ी बाधाओं को समय रहते दूर कर विकास कार्यों को गति दी जाए ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X