शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:आरोपी एसीएमओ से स्टोर का प्रभार भी छिना – Unnao News

November 6, 2026


उन्नाव। आरोपी एसीएमओ से नर्सिंगहोम के बाद स्टोर का चार्ज भी छिन गया है। यह कार्रवाई वीडियो वायरल होने के बाद हुई है। वीडियो में सील किए गए नर्सिंगहोम को दोबारा संचालित करने के लिए कथित तौर पर 3.50 लाख रुपये की मांग की गई थी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सीएमओ को जांच के आदेश दिए थे।

शहर के शेखपुर नरी स्थित उत्तम हॉस्पिटल के संचालक देवकांत उत्तम पर अस्पताल की एक युवती से दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। जुलाई में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने उसकी पत्नी के नाम से पंजीकृत अस्पताल को सील कर दिया था। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया था। वीडियो में एक व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी से कार्यालय में बात करते हुए दिख रहा था। वह अस्पताल का नाम बदलकर दोबारा पंजीकरण कराकर संचालित करने की बात कह रहा था। वीडियो वायरल करने वालों ने दावा किया था कि अधिकारी ने इसके लिए 3.50 लाख रुपये की मांग की थी।

मामला बढ़ने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जांच टीम गठित करने का आदेश दिया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके शर्मा ने आरोपी एसीएमओ से नर्सिंगहोम का प्रभार वापस ले लिया था। अब उनसे स्टोर का प्रभार भी वापस ले लिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X