शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Unnao News:उद्घाटन से पहले ही धंसी 17 करोड़ के सई नदी पुल की एप्रोच रोड – Unnao News
उन्नाव

Unnao News:उद्घाटन से पहले ही धंसी 17 करोड़ के सई नदी पुल की एप्रोच रोड – Unnao News

November 6, 2026


हसनगंज (उन्नाव)। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मोहान कस्बे में सई नदी पर 17 करोड़ से बने पुल की एप्रोच रोड उद्घाटन से पहले ही दूसरी बार क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क कई जगह धंसी और उखड़ गई है। सड़क उखड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं सेतु निगम के सहायक अभियंता ने रखरखाव की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी की होने और जल्द मरम्मत करवाने की बात कही।

लखनऊ को बांगरमऊ के रास्ते कन्नौज सहित अन्य जिलों को जोड़ने वाले लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर नवंबर 2023 में सेतु निगम ने 17 करोड़ रुपये से पुल को मंजूरी दी थी। सई नदी पर यह पुल अप्रैल 2026 में बनकर तैयार हुआ। अभी इसका लोकार्पण नहीं हुआ है। हालांकि वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। बीच को जोड़ने वाली एप्रोच रोड धंस गई है। पुल की ऊपरी सड़क भी कई जगह चटक गई है। डामर-गिट्टी उखड़ने और गड्ढे होने से पुल में प्रयोग की गई निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और मानकों पर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं।

27 सितंबर को धंसी थी अप्रोच रोड

बारिश के दौरान 27 सितंबर को पुल की अप्रोच रोड भी कई जगह धंस गई थी। इसके बाद ठेकेदार ने मरम्मत कराई थी। अब मुख्य आवागमन की सड़क टूटने और दरार आने से पुल के कम समय में ही क्षतिग्रस्त हो जाने की आशंका बढ़ गई है।

—

कई जिलों जोड़ता है मार्ग

इस मार्ग के जरिये वाहन, लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, बांगरमऊ, बिल्हौर, कन्नौज, फर्रुखाबाद होते हुए दिल्ली भी निकलते हैं। साथ ही बांगरमऊ होते हुए हरदोई शाहजहांपुर सहित कई अन्य रूट के वाहन भी इसी पुल से आते-जाते हैं। रोजाना करीब सात हजार वाहन आवागमन करते हैं।

—

पुल का अभी उद्घाटन नहीं हुआ है। ठेकेदार को सूचना देकर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। शुरुआती दिनों में इस तरह की समस्या आती है। पिछले दिनों बारिश होने से ऐसा हुआ है। जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।

एमएस ओझा, सहायक अभियंता, सेतु निगम

—

दो दिन पहले बनी सड़क के उखड़ने का वीडियो वायरल

सोनिक। शारदा खंड नहर विभाग ने मुर्तजानगर पटरी से सराय कटियान के बीच मार्ग का डामरीकरण कराया है। रोड की लंबाई 1200 मीटर और लागत करीब 18 लाख है। दो दिन पहले ही मार्ग पर डामर डाला गया था। अब सड़क उखड़ने लगी है। इसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मानक के अनुसार डामरीकरण और गिट्टी न डालने की वजह से दो दिन पहले बनी सड़क उखड़ने लगी है। जेई रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मार्ग से किसी डंपर के मुड़ने के कारण रोड क्षतिग्रस्त हुई है। ठेकेदार अभी पुरवा में कार्य कर रहा है। वहां काम पूरा होने के बाद इसको सही करवाया जाएगा। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X